Madhya Pradesh Latest News

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बोले— गोसेवा से ही राष्ट्र बनेगा आत्मनिर्भर

By,वामन पोटे

बैतूल में हुआ भव्य गोवर्धन पूजन: केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बोले— गोसेवा से ही राष्ट्र बनेगा आत्मनिर्भर

बैतूल 21 अक्टूबर।। बैतूल जिले के विद्या भारती के स्कूल भारत भारती गोशाला परिसर में मंगलवार को गोवर्धन पूजन का आयोजन बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उईके और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विधायक हेमंत खंडेलवाल ने भगवान गोवर्धन और गोमाता की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, सरपंच पूर्णराम वाडीवा, सचिव मुकेश खंडेलवाल, प्राचार्य विवेक तिवारी, उपसंचालक पशुपालन विभाग सुरजीत सिंह, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गोसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गोसेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विधायक हेमंत खंडेलवाल ने अपने संबोधन में कहा कि गोवर्धन पूजन हमें अहंकार त्यागकर एकता और सहयोग से जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार का दमन कर समाज को संगठन की शक्ति का संदेश दिया था।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि भारत जैसी पुण्य भूमि पर जन्म लेना सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देश और प्रदेश के तेजी से हो रहे विकास और सांस्कृतिक उत्थान की सराहना की। उईके ने कहा कि गोवर्धन पूजन कोई कर्मकांड नहीं, बल्कि गोमाता के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक पर्व है।
उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य की दिव्य शक्तियां गोमाता के शरीर में प्रवेश कर दुग्ध तक पहुंचती हैं, इसलिए गौसंरक्षण और गौ-उत्पादों का उपयोग राष्ट्र को समृद्ध और आत्मनिर्भर बना सकता है। उईके ने उपस्थित जनसमूह को स्वर्णिम भारत निर्माण में योगदान देने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य जितेंद्र परसाई ने सभी को गोवर्धन पूजन की शुभकामनाएं देते हुए आभार व्यक्त किया।

Comments are closed.