Madhya Pradesh Latest News

गोवर्धन पूजा से प्रकृति, पर्यावरण और गौसंवर्धन का संदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

By,वामन पोटे

गोवर्धन पूजा से प्रकृति, पर्यावरण और गौसंवर्धन का संदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

राज्य सरकार समाज के साथ मिलकर मना रही त्यौहार, गौसेवा संस्थाओं का हुआ सम्मान
बैतूल 21 अक्टूबर ।।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीपोत्सव, गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति, पर्यावरण और पशुधन संवर्धन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमारी हर परंपरा में प्रकृति के प्रति आदर और समाज के प्रति जिम्मेदारी निहित है। गोवर्धन पूजा इसका श्रेष्ठ उदाहरण है, जो ‘जियो और जीने दो’ के सिद्धांत को प्रकट करती है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को रवीन्द्र भवन, भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि गौमाता सनातन संस्कृति की आत्मा हैं। उनके दुग्ध, गोबर और गौमूत्र की वैज्ञानिक महत्ता अब सिद्ध हो चुकी है। उन्होंने कहा कि विश्व आज पुनः प्राकृतिक और जैविक खेती के महत्व को स्वीकार कर रहा है।
डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने में पशुपालन की बड़ी भूमिका है। प्रदेश को देश का प्रमुख दुग्ध उत्पादक राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में मध्यप्रदेश देश के कुल दुग्ध उत्पादन का 9 प्रतिशत देता है, जिसे 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। गौशालाओं को मिलने वाली सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गौवंश कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने समाज से भी गौसंवर्धन और संरक्षण में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति गौपालन या गौशाला संचालन में सहयोग करना चाहता है, राज्य सरकार हरसंभव सहायता देगी।
कार्यक्रम में डॉ. यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पूजा की और गौवंश को आहार खिलाया। इस अवसर पर दुग्ध और जैविक उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों और व्यक्तियों को सम्मानित किया, जिनमें गौकृपा पंचगव्य आयुर्वेद संस्थान के हुकुमचंद पाटीदार, अखिल विश्व गायत्री परिवार के सूरज परमार, बृजमोहन रामकली गौसंवर्धन केंद्र के प्रहलाद दास मंगल और केन्द्रीय जेल भोपाल की श्रीकृष्ण गौशाला प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री लखन पटेल, मंत्री विश्वास सारंग, मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री सहित बड़ी संख्या में नागरिक व पशुपालक उपस्थित थे।

Comments are closed.