पटाखा बाजार में कार्बाइड गन बेचते पकड़ा गया युवक: बैतूल पुलिस की बड़ी कार्रवाई
बैतूल 25 अक्टूबर।।
बैतूल पुलिस ने अवैध कार्बाइड गन की बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली टीम ने न्यू बैतूल ग्राउंड स्थित पटाखा बाजार में यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को थाना कोतवाली को सूचना मिली थी कि इफ्तेखार नामक व्यक्ति समीर पटाखा दुकान पर कार्बाइड रसायन से संचालित गन बेच रहा है। सूचना पर उप निरीक्षक छत्रपाल सिंह धुर्वे दलबल सहित मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान इफ्तेखार पिता इसामुद्दीन खान (35), निवासी आजाद वार्ड, टिकारी, बैतूल के रूप में हुई। आरोपी के पास से तीन कार्बाइड गन जब्त की गईं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 4, 5, 9(ख) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 288 के तहत अपराध क्रमांक 1020/2025 दर्ज कर जांच शुरू की है।
एसपी वीरेंद्र जैन ने बताया कि कार्बाइड गन के उपयोग से आंखों की रोशनी कम होने जैसे गंभीर स्वास्थ्य प्रभाव सामने आए हैं। इसलिए सभी थाना प्रभारियों को अवैध बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि अवैध कार्बाइड गन या पटाखे का निर्माण, भंडारण या उपयोग न करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Comments are closed.