Madhya Pradesh Latest News

सात माह बाद भी नहीं मिली कन्या विवाह योजना की राशि: नवविवाहित जोड़ों की टूटी उम्मीदें, बोले– अब करेंगे आंदोलन

By,वामन पोटे

सात माह बाद भी नहीं मिली कन्या विवाह योजना की राशि: नवविवाहित जोड़ों की टूटी उम्मीदें, बोले– अब करेंगे आंदोलन
बैतूल25 अक्टूबर ।। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आठनेर ब्लॉक में 16 मई 2024 को हुए सामूहिक विवाह में शामिल 194 नवविवाहित जोड़े आज भी सरकारी सहायता राशि के इंतजार में हैं। सात माह बीत जाने के बाद भी उनके खातों में राशि जमा नहीं हुई, जिससे नई गृहस्थी शुरू करने का सपना अधूरा रह गया है।
शनिवार को जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) संगठन के नेतृत्व में सभी जोड़े बैतूल कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने तत्काल सहायता राशि जारी करने की मांग की। जयस कार्यकर्ता और दूल्हा सोनू पांसे ने बताया कि अन्य ब्लॉकों में लाभार्थियों को राशि मिल चुकी है, लेकिन आठनेर के जोड़ों को अब तक इंतजार करना पड़ रहा है।
एक लाभार्थी दुल्हन गुनता ने भावुक होकर कहा— “सरकार ने मदद का वादा किया था, उसी भरोसे हमने योजना के तहत शादी की। अब सात माह बीत गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। नई जिंदगी शुरू करने से पहले ही आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।”
जिला पंचायत के सीईओ अक्षत जैन ने स्पष्ट किया कि राज्य शासन से योजना की राशि अभी प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही फंड आएगा, पात्र जोड़ों के खातों में राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
नवविवाहित जोड़ों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द राशि नहीं मिली, तो वे जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि सरकारी वादे अधूरे न रह जाएं, यही अब हमारी आखिरी उम्मीद है।

Comments are closed.