Madhya Pradesh Latest News

गडकरी के सतपुड़ा प्रवास से पहले सड़कों की लीपापोती: कांग्रेस का टोल पर विरोध, बारिश में किया गया डामरीकरण

By,वामन पोटे

गडकरी के सतपुड़ा प्रवास से पहले सड़कों की लीपापोती: कांग्रेस का टोल पर विरोध, बारिश में किया गया डामरीकरण

बैतूल 25 अक्टूबर वार्ता।। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को अपने निजी दौरे पर सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पहुंचे। वे परिवार सहित दो दिन के प्रवास पर हैं और तथास्तु रिसॉर्ट में ठहरे हैं। गडकरी के आगमन से पहले बरेठा घाट की खस्ताहाल सड़क पर बरसात के बीच डामरीकरण किए जाने का वीडियो सामने आया है, जिससे विभागीय तैयारी पर सवाल उठे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुंडी टोल प्लाजा पर सड़क की खराब स्थिति और अधूरे राजमार्ग पर टोल वसूली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि वे केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन उनका काफिला बिना रुके निकल गया। इससे नाराज कार्यकर्ताओं ने टोल पर नारेबाजी की।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अधूरी सड़क पर अवैध टोल वसूला जा रहा है, जबकि सड़क की हालत दयनीय है। उनका कहना है कि कांग्रेस शासन में बनी बैतूल-नागपुर सड़क अब भी बेहतर है, लेकिन भोपाल मार्ग जगह-जगह गड्ढों से भरा है।
इधर, गडकरी के प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री डी.डी. उइके और विधायक गंगाबाई उइके ने उनसे मुलाकात की। बताया गया कि वे उद्योगपति अनिल अग्रवाल के निमंत्रण पर चूरना पहुंचे हैं और रविवार शाम तक जंगल सफारी का आनंद लेकर नागपुर लौटेंगे।

Comments are closed.