Madhya Pradesh Latest News

“बैतूल-भोपाल हाईवे पर गडकरी का गुस्सा फूटा: अफसरों से बोले- कॉन्ट्रेक्टर से हफ्ता मिल रहा क्या?”

By,वामन पोटे

🚧 “बैतूल-भोपाल हाईवे पर गडकरी का गुस्सा फूटा: अफसरों से बोले- कॉन्ट्रेक्टर से हफ्ता मिल रहा क्या?”

बैतूल 1 नवंबर।।
बैतूल-भोपाल हाईवे की बदहाली पर अब केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का सब्र टूट गया है। खराब सड़कों को देखकर उन्होंने अफसरों पर सीधा निशाना साधा और पूछा— “कॉन्ट्रेक्टर से हफ्ता मिल रहा क्या?”
28 अक्टूबर को औद्योगिक संगठन CII के एक कार्यक्रम में गडकरी ने बैतूल-भोपाल हाईवे की स्थिति पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब हालत के लिए प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) और रीजनल ऑफिसर (RO) जिम्मेदार हैं।
गडकरी बोले— “अगर सड़क पर हादसे बढ़ रहे हैं, तो अधिकारियों की परफॉर्मेंस का ऑडिट करो। जो अफसर काम नहीं कर रहे, उनका प्रमोशन रोक दो। अच्छी सड़कें जनता का हक हैं, और काम की गुणवत्ता पर कोई समझौता नहीं चलेगा।”
गडकरी ने बताया कि उन्होंने इस हाईवे को लेकर मंत्रालय के सचिव को पत्र भी भेजा है। उन्होंने अफसरों से कहा— “सड़क की हालत देखकर मुझे खुद शर्म आई। बैतूल से आगे की सड़क की क्वालिटी बेहद खराब है। PD और RO से पूछा— तुम्हें ये क्वालिटी दिखाई नहीं देती? ठेकेदार से हफ्ता मिल रहा है क्या? दस साल की डिफेक्ट लायबिलिटी है, फिर भी लापरवाही क्यों?”
दरअसल, 25 अक्टूबर को गडकरी परिवार सहित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व पहुंचे थे। वे बैतूल-भोपाल हाईवे से बरेठा घाट होकर गुजरे थे, जहां का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। बताया गया कि उनके दौरे से पहले ही भारी बारिश में सड़क का डामरीकरण किया गया था।
कांग्रेस ने भी इस मुद्दे पर मोर्चा खोल दिया था और गडकरी के काफिले के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
एक साल से यह हाईवे लोगों के गुस्से का केंद्र बना हुआ है। जगह-जगह गड्ढे, अधूरे निर्माण और टोल वसूली से जनता परेशान है। कांग्रेस ने कुंडी टोल प्लाजा पर टोल बंद करने की मांग भी की थी।
गडकरी के इस बयान के बाद अब यह उम्मीद जगी है कि बैतूल-भोपाल हाईवे पर जल्द सुधार देखने को मिलेगा।

Comments are closed.