Madhya Pradesh Latest News

बिजली संकट से परेशान किसान: संघर्ष समिति ने डीजीएम को सौंपा ज्ञापन, 12 घंटे सप्लाई की मांग

By, वामन पोटे

बिजली संकट से परेशान किसान: संघर्ष समिति ने डीजीएम को सौंपा ज्ञापन, 12 घंटे सप्लाई की मांग
बैतूल 14 नवंबर ।।
मुलताई में किसान संघर्ष समिति ने गुरुवार को मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के डीजीएम को ज्ञापन सौंपकर लगातार हो रही बिजली कटौती पर नाराजगी जताई। समिति ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कई महीनों से पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही, जिससे खेतों की सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
समिति के तहसील अध्यक्ष कुपाल सिंह सिसोदिया और उपाध्यक्ष लखन यादव ने बताया कि कटाई के मौसम में भी बिजली कटौती जारी है। ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं और ओवरलोड की समस्या से खेतों की सिंचाई रुक रही है, जिससे फसल को भारी नुकसान होने का खतरा है।
ज्ञापन में किसानों के लिए प्रतिदिन कम से कम 12 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही पुराने व खराब ट्रांसफार्मरों को बदलने, ग्रामीण क्षेत्रों की बंद पड़ी लाइनों को बहाल करने और रात के समय बिजली कटौती पर रोक लगाने की भी मांग रखी गई।
समिति ने विभाग से खराब पंपों और लाइनों का नियमित निरीक्षण करने की अपील की ताकि किसानों को राहत मिल सके। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान शीघ्र नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Comments are closed.