Madhya Pradesh Latest News

वाहन हटाने की बात पर भिड़े दो पक्ष: आठनेर में तनाव, हिंदू संगठनों ने कराया बाजार बंद

By,वामन पोटे

वाहन हटाने की बात पर भिड़े दो पक्ष: आठनेर में तनाव, हिंदू संगठनों ने कराया बाजार बंद
बैतूल 14 नवंबर ।। बैतूल जिले के आठनेर नगर में गुरुवार को साप्ताहिक बाजार के दौरान वाहन हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मामूली कहा-सुनी जल्द ही मारपीट में बदल गई, जिससे नगर में तनाव फैल गया। घटना के बाद हिंदू संगठनों ने बाजार बंद का आह्वान किया।
जानकारी के अनुसार, हिडली निवासी कुछ युवक खरीदारी के लिए आठनेर आए थे। इसी दौरान एक दुकान के सामने पार्सल उतारने के लिए पिकअप वाहन खड़ा था। स्थानीय युवक मुन्ना लहरपुरे ने वाहन हटाने को कहा, जिस पर दूसरे पक्ष के युवकों से विवाद शुरू हो गया। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे आठनेर निवासी पिंटू और एक महिला के साथ भी मारपीट होने की बात सामने आई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर में आक्रोश फैल गया। हिंदू संगठनों ने आठनेर बंद का आह्वान किया, जिसके बाद बाजार पूरी तरह बंद रहा।
सूचना मिलते ही भैंसदेही एसडीओपी, तहसीलदार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने बताया कि यह खरीदारी के दौरान हुआ विवाद था, जिसकी जांच की जा रही है। वहीं, एएसपी कमला जोशी ने कहा कि यह दो पक्षों के बीच का मामूली विवाद है और इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए आठनेर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर अफवाहें न फैलाने की अपील की है।

Comments are closed.