Madhya Pradesh Latest News

शीतकालीन सत्र बाद ही होंगी नियुक्तियां

By,वामन पोटे

शीतकालीन सत्र बाद ही होंगी नियुक्तियां

भोपाल 28 नवंबर।।
प्रदेश में निगम, मंडल, बोर्ड और प्राधिकरणों में राजनीतिक नियुक्तियों का इंतजार कर रहे नेताओं को अभी कुछ समय और प्रतीक्षा करनी होगी। संगठन और संघ ने फिलहाल निर्णय लिया है कि इन नियुक्तियों पर अंतिम फैसला अब विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद ही लिया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, इस समय पार्टी की प्राथमिकता एसआईआर (संगठनात्मक इकाई पुनर्गठन) है। इसी वजह से प्रशासनिक अफसरों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया जा रहा है, जबकि राजनीतिक नियुक्तियां पीछे खिसक गई हैं। संगठन का मानना है कि एसआईआर के जरिए जमीनी स्तर पर मजबूती लाने के बाद ही राजनीतिक नियुक्तियां प्रभावी साबित होंगी।
सूत्र बताते हैं कि कई नामों पर पार्टी की चर्चा लगभग तय मानी जा रही है। भाजपा के छोटे से लेकर बड़े ढांचे में आगे और बदलाव देखने को मिल सकते हैं। विधानसभा सत्र के दौरान ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने केंद्रीय नेतृत्व और संगठन के वरिष्ठ नेताओं को अपने सुझाव भेज दिए हैं। उन्होंने संगठन में एक और विस्तार की आवश्यकता जाहिर की है।
जानकारी के अनुसार, जिलावार स्तर पर भी कई नियुक्तियों में बदलाव का प्रस्ताव तैयार है और इसके लिए नामों का पैनल भी बन चुका है।

निगम-मंडलों की नियुक्तियां रोकी गईं

शीतकालीन सत्र के चलते निगम-मंडलों में होने वाली नियुक्तियों की घोषणा अभी रोक दी गई है। कई नामों पर सहमति बने जाने के बावजूद संगठन मौजूदा राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए जल्दबाज़ी में निर्णय नहीं लेना चाहता। इसलिए यह नियुक्तियां अब सत्र समाप्त होने के बाद ही तय मानी जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, सत्र के बाद ही पार्टी इस पर अंतिम निर्णय लेगी।

Comments are closed.