Madhya Pradesh Latest News

पीएचडी उपाधि से सम्मानित हुईं डॉ. मौसमी आर्य — चिचोली की प्रतिभा बनी प्रेरणा, परिवार और क्षेत्र में खुशियों की लहर

By,वामन पोटे

पीएचडी उपाधि से सम्मानित हुईं डॉ. मौसमी आर्य
— चिचोली की प्रतिभा बनी प्रेरणा, परिवार और क्षेत्र में खुशियों की लहर
बैतूल/चिचोली /29 नवंबर ।।
सपनों को हकीकत में बदलने का जज़्बा हो तो छोटे से गाँव की बेटी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकती है। इसका जीवंत उदाहरण बनकर उभरी हैं चिचोली की प्रतिभाशाली बेटी डॉ. मौसमी आर्य, जिन्हें सम्मानीय पीएचडी उपाधि से सम्मानित किया गया है। उनकी इस अद्भुत उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
चिचोली के प्रख्यात गल्ला व्यापारी स्व. कमल आर्य की पोती और (एके ट्रेडर्स) के संचालक संजय आर्यसाधना आर्य की बेटी मौसमी ने कठिन परिश्रम और गहन शोध के बाद कंप्यूटर साइंस विषय में “इफेक्टिव एप्रोच फॉर आइडेंटिफिकेशन यूज़िंग डाटा माइनिंग” पर अपना पीएचडी शोध पूरा किया। वर्तमान में वह भोपाल में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं।
डॉ. मौसमी आर्य, डॉ. मोहित आर्य (शिशु रोग विशेषज्ञ) और डॉ. योगेश आर्य की बहन हैं। वे स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार राधेश्याम मालवीय (घोड़ाडोंगरी) की नातिन भी हैं। अपनी सफलता पर भावुक होते हुए मौसमी ने कहा कि—
मेरे दादा और नाना के सपने आज पूरे हुए हैं। काश वे इस खुशी के पल में मेरे साथ होते। मैं यह उपाधि उन्हें ही समर्पित करती हूँ।
गौरतलब है कि मौसमी ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई चिचोली के हिंदी मीडियम स्कूल से शुरू की थी। साधारण पृष्ठभूमि से शुरू हुआ उनका सफर आज असाधारण उपलब्धि में बदल गया। मौसमी अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता–पिता के त्याग, समर्थन और प्रेरणा को देती हैं।
पीएचडी की उपाधि मिलने के बाद चिचोली और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन, ग्रामीण और शुभचिंतक लगातार उन्हें बधाइयाँ दे रहे हैं। मौसमी की यह उपलब्धि न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
डॉ. मौसमी आर्य की सफलता उन सभी युवा छात्रों के लिए प्रेरणा है जो अवसर का इंतज़ार करने की बजाय अपने सपनों को मेहनत और दृढ़ता से हासिल करना चाहते हैं।

Comments are closed.