Madhya Pradesh Latest News

कलेक्ट्रेट में सरकार की 2 साल की उपलब्धियों की झलक, ‘वॉश ऑन व्हील’ सेवा का हुआ शुभारंभ

By,वामन पोटे

कलेक्ट्रेट में सरकार की 2 साल की उपलब्धियों की झलक, ‘वॉश ऑन व्हील’ सेवा का हुआ शुभारंभ

बैतूल 13 दिसंबर ।।
कलेक्ट्रेट परिसर में शनिवार को मध्यप्रदेश सरकार के विकास और सेवा के दो वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न विभागों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की।
प्रदर्शनी में जिले में हुए औद्योगिक विकास, कर्मयोगी अभियान के उत्कृष्ट क्रियान्वयन, जल संचय में जनभागीदारी, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, राजस्व, रेशम, मत्स्य, जल जीवन मिशन, वन, सुशासन और ई-ऑफिस जैसी योजनाओं व उपलब्धियों को आकर्षक एवं सुव्यवस्थित रूप में प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे सहित कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी एवं अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट कार्यालय में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत “वॉश ऑन व्हील” (WOW) सेवा का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने स्वच्छता साथियों को स्वच्छता किट प्रदान कर इस नवाचारी सेवा की शुरुआत की।
“वॉश ऑन व्हील” सेवा के माध्यम से अब ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू, संस्थागत एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई के लिए मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर किया जा सकेगा। ऑर्डर प्राप्त होने पर संबंधित स्वच्छता साथी निर्धारित समय पर पहुंचकर सेवा प्रदान करेंगे। योजना के अंतर्गत संस्थागत शौचालयों की सफाई के लिए 200 से 250 रुपये तथा घरेलू व्यक्तिगत शौचालयों के लिए 50 रुपये सेवा शुल्क निर्धारित किया गया है।
जिले की 554 ग्राम पंचायतों को 35 क्लस्टर में विभाजित कर प्रत्येक क्लस्टर के लिए एक स्वच्छता साथी नियुक्त किया गया है। यह सेवा फिलहाल ग्रामीण क्षेत्रों में शुरू की गई है, जिससे स्वच्छता को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। शुभारंभ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Comments are closed.