बैतूल को मिलेगा अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज, दो वर्षों में विकास की नई इबारत: प्रभारी मंत्री
By,वामन पोटे
बैतूल को मिलेगा अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज, दो वर्षों में विकास की नई इबारत: प्रभारी मंत्री
बैतूल 13 दिसंबर।।
मध्यप्रदेश सरकार के विकास और सेवा के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने वार्ता को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ जिले में हुए विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने बीते दो वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी है।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने घोषणा की कि जनजातीय बाहुल्य बैतूल जिले में पीपीपी मोड पर अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज शीघ्र स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान में बैतूल जिले को भारत सरकार द्वारा बेस्ट परफॉर्मेंस जिले के रूप में चयनित किया गया है और महामहिम राष्ट्रपति द्वारा जिला प्रशासन को सम्मानित किया गया।
उन्होंने बताया कि औद्योगिक निवेश के क्षेत्र में बैतूल जिले को 300 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत 2.71 लाख से अधिक महिलाओं को 858 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता दी गई है। वहीं आयुष्मान भारत, पीएम आवास, स्वनिधि, जल जीवन मिशन, मनरेगा, शिक्षा, खेल, कृषि और राजस्व जैसे क्षेत्रों में जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
पत्रकार वार्ता में विधायकों, जिला पंचायत पदाधिकारियों, कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी तथा बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Comments are closed.