भ्रष्टाचार पर पटवारी का तीखा हमला, नागरिक अभिनंदन की खुली चुनौती
ग्वालियर।। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को नगर प्रवास के दौरान मध्य प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर जोरदार हमला बोला। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार अब चरम सीमा पर पहुंच चुका है और इसकी पुष्टि स्वयं प्रदेश के मुख्य सचिव के बयान से हो गई है। पटवारी ने कहा कि जब शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी ही भ्रष्टाचार की स्थिति स्वीकार कर रहे हैं, तो सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की गंगा ऊपर से नीचे तक बह रही है, जिससे आम नागरिक, किसान, व्यापारी और युवा सभी परेशान हैं। पटवारी ने कहा कि बिना पैसे लिए पोस्टिंग नहीं होती और इसके बाद नीचे तक भ्रष्टाचार का जाल फैल जाता है। उन्होंने दावा किया कि पहले से ही वे कह रहे थे कि प्रदेश में 50 प्रतिशत तक भ्रष्टाचार चल रहा है, जिसे अब प्रशासनिक स्वीकारोक्ति ने सही साबित कर दिया है।
जीतू पटवारी ने सरकार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि कोई ऐसा विभाग बता दे जहां भ्रष्टाचार नहीं हो रहा है, तो वे उस विभाग के मुखिया का सार्वजनिक रूप से नागरिक अभिनंदन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को पारदर्शी और जवाबदेह शासन चाहिए, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में आम आदमी को हर काम के लिए रिश्वत देने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखा है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पटवारी ने कहा कि जब प्रदेश की हालत इतनी गंभीर है और खुद मुख्य सचिव ने स्थिति पर मुहर लगा दी है, तो मुख्यमंत्री को नैतिक आधार पर पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने सरकार से तत्काल ठोस कार्रवाई कर भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग की।
Comments are closed.