Madhya Pradesh Latest News

खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन डंपर जब्त, अवैध गिट्टी परिवहन पर सख्ती,युवा संगम के तहत आज रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला

By,वामन पोटे

1. खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: तीन डंपर जब्त, अवैध गिट्टी परिवहन पर सख्ती
बैतूल 13 फरवरी ।।
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 12 फरवरी को खनिज अमले ने विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया।
खनिज निरीक्षक बैतूल द्वारा बैतूलबाजार क्षेत्र के मिलानपुर जोड़ के पास से गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए डम्पर क्रमांक एमपी 48 एच 1150 को जब्त किया गया। वाहन को पुलिस थाना बैतूल बाजार की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। वहीं मुलताई क्षेत्र के सांईखेड़ा जोड़ पर दो अन्य डम्पर (एमपी 48 जेडजी 6777 एवं एमपी 09 जेडवाय 8710) को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया, जिन्हें पुलिस थाना सांईखेड़ा में सुपुर्द किया गया है।
उक्त प्रकरणों में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण अपर कलेक्टर बैतूल न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

2. आरडीसी कैम्प से लौटे कैडेट्स का भव्य स्वागत, कर्तव्य पथ पर किया था मार्च
बैतूल 13 फरवरी।
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हाक्सर गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में आरडीसी (रिपब्लिक डे कैम्प) दिल्ली से लौटे एनसीसी कैडेट्स का भव्य स्वागत किया गया। एनसीसी अधिकारी बालिका विंग डॉ. रीतू साहू ने बताया कि देशभर से केवल 148 कैडेट्स का चयन आरडीसी के लिए किया जाता है।
महाविद्यालय की ओर से बालिका विंग में किरण धुर्वे तथा बालक विंग में लक्ष्मण उईके और मनीष गौडगाम का चयन हुआ था। इन कैडेट्स ने गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मार्च कर महाविद्यालय और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. मीनाक्षी चौबे ने कैडेट्स को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर एनसीसी तृतीय वर्ष कैडेट्स का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।

3. आयुष्मान भारत ‘उमंग’ के तहत शिक्षकों को हेल्थ एम्बेसडर प्रशिक्षण
बैतूल 13 फरवरी
आयुष्मान भारत के अंतर्गत ‘उमंग स्कूल हेल्थ एवं वेलनेस कार्यक्रम’ के तहत आमला एवं बैतूल विकासखंड की कक्षा 6 से 8 तक की शालाओं के शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया। होटल आईसीइन बैतूल में आयोजित प्रशिक्षण में प्रत्येक विद्यालय से एक पुरुष एवं एक महिला शिक्षक को हेल्थ एवं वेलनेस एम्बेसडर बनाया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि ये एम्बेसडर ‘आरोग्य दूत’ के रूप में छात्रों को स्वास्थ्य एवं जीवन कौशल संबंधी शिक्षा देंगे। उद्देश्य यह है कि विद्यार्थी मित्रवत वातावरण में अपनी समस्याएं साझा कर सकें और सही जानकारी प्राप्त कर जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
प्रशिक्षण में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश परिहार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. विनोद शाक्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

4. युवा संगम के तहत आज रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला
बैतूल 13 फरवरी।।
मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा एमएसएमई विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के अंतर्गत 13 फरवरी को रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा।
यह मेला वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री सरदार विष्णु सिंह उईके शासकीय महाविद्यालय, सारणी में प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा मशीन ऑपरेटर, ट्रेनी, अप्रेंटिस, सेल्स एग्जीक्यूटिव, फील्ड ऑफिसर सहित सैकड़ों पदों पर भर्ती की जाएगी। योग्यता 8वीं से स्नातकोत्तर, आईटीआई एवं डिप्लोमा तक निर्धारित है।
जिला रोजगार अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है।

5. मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में 112 युवाओं को मिला स्वरोजगार
बैतूल 13 फरवरी
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत जिले ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 112 के लक्ष्य के विरुद्ध शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। सभी 112 हितग्राहियों को ऋण वितरण कर स्वरोजगार से जोड़ा गया है।
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक श्री धीरज मंडलेकर ने बताया कि योजना के तहत 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के न्यूनतम 8वीं पास युवा पात्र हैं। विनिर्माण क्षेत्र में 1 से 50 लाख तथा सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में 1 से 25 लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जाता है। 7 वर्षों तक 3 प्रतिशत ब्याज सब्सिडी एवं बैंक गारंटी शुल्क की सुविधा दी जाती है।
इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2025 के तहत उद्योगों को निवेश पर 40 प्रतिशत तक सहायता तथा विशेष वर्गों को अधिक लाभ का प्रावधान है।

6. राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से 10 वर्षीय बालिका का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन
बैतूल 13 फरवरी।।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत भीमपुर विकासखंड के ग्राम कामोद की 10 वर्षीय कु. सुलोचना चिल्हाटे का हृदय रोग का निःशुल्क सफल ऑपरेशन कराया गया।
स्कूल स्वास्थ्य जांच के दौरान बच्ची में हृदय रोग के लक्षण चिन्हित किए गए। आगे की जांच के बाद उसे अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं हॉस्पिटल भेजा गया, जहां 31 जनवरी 2026 को व्हीएसडी डिवाइस क्लोजर ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि योजना के तहत संपूर्ण उपचार निःशुल्क किया गया। अब बच्ची पूर्णतः स्वस्थ है। परिजनों ने शासन का आभार व्यक्त किया है।

Comments are closed.