मातृ-पितृ पूजन दिवस पर भावुक हुए विद्यार्थी, 14 फरवरी को ‘सच्चे प्रेम दिवस’ के रूप में मनाने का लिया संकल्प
By, वामन पोटे
मातृ-पितृ पूजन दिवस पर भावुक हुए विद्यार्थी, 14 फरवरी को ‘सच्चे प्रेम दिवस’ के रूप में मनाने का लिया संकल्प
बैतूल, 14 फरवरी। जिलेभर में 14 फरवरी को मातृ-पितृ पूजन दिवस श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। श्री योग वेदांत सेवा समिति बैतूल द्वारा संत आशारामजी बापू की प्रेरणा से आयोजित इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम हुए, जिनमें विद्यार्थियों, अभिभावकों और समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मुख्य आयोजन भारत भारती आवासीय विद्यालय में संपन्न हुआ, जहां सैकड़ों विद्यार्थी अपने माता-पिता के साथ उपस्थित हुए और भावुक माहौल में उनका विधिवत पूजन कर आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने थाली में पूजन सामग्री सजाकर माता-पिता को तिलक लगाया, पुष्पहार पहनाए, आरती उतारी और चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर पूरे परिसर में पारिवारिक सम्मान और भारतीय संस्कारों की अनूठी झलक देखने को मिली।
विद्यालय सचिव मुकेश खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि माता-पिता के आशीर्वाद से ही जीवन में सफलता और सर्वांगीण विकास संभव होता है, इसलिए उनका सम्मान और सेवा प्रत्येक संतान का प्रथम कर्तव्य होना चाहिए। विशेष अतिथियों के रूप में राजीव झा, राजेश मदान, सह सचिव दीपेश मेहता, सीए सचिन आर्य, पूजा अमझरे, प्राचार्य जितेंद्र परसाई और वैभव जोशी भी मौजूद रहे।
समिति संरक्षक राजेश मदान ने बताया कि बैतूल सहित देशभर में पिछले 18 वर्षों से मातृ-पितृ पूजन दिवस मनाया जा रहा है और यह अभियान अब देश-विदेश तक फैल चुका है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय पर्व घोषित करने की मांग दोहराते हुए बताया कि इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक मांग पहुंचाने के लिए भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संघ प्रचारक सुरेश सोनी को ज्ञापन सौंपा गया है।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन अपने माता-पिता का सम्मान करेंगे और 14 फरवरी को सच्चे प्रेम दिवस के रूप में मनाएंगे। आयोजन के दौरान मिठाई प्रसादी और सत्साहित्य का वितरण भी किया गया। संचालन राजेश मदान ने किया, जबकि आभार अजय भारती ने व्यक्त किया।
इसी क्रम में दोपहर 1 बजे मातोश्री वृद्धाश्रम में भी बुजुर्गों का पूजन कर उन्हें स्वल्पाहार वितरित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बंशीलाल सोनी, मोहन मदान, अनूप मालवीय, सुरेंद्र कुंभारे, धीरज शिवहरे, रविकांत आर्य, मनीष सोनी, योगेश सोनी, प्रभाशंकर वर्मा, आशाराम पंवार, मुकुंदराव वराठे, एलबी गायकवाड, रामराव कड़वे सहित विद्यालय स्टाफ और अभिभावकों का विशेष योगदान रहा।
Comments are closed.