ग्रीष्म से पहले अलर्ट प्रशासन: हर गांव के लिए पेयजल प्लान तैयार करने के सख्त निर्देश कलेक्टर सूर्यवंशी की दो टूक—जल संकट नहीं होना चाहिए, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
By,वामन पोटे
ग्रीष्म से पहले अलर्ट प्रशासन: हर गांव के लिए पेयजल प्लान तैयार करने के सख्त निर्देश
कलेक्टर सूर्यवंशी की दो टूक—जल संकट नहीं होना चाहिए, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैतूल 23 फरवरी ।।बैतूल जिले में आने वाली ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर गांव के लिए प्रभावी पेयजल कार्ययोजना तैयार कर निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी के दौरान नागरिकों को पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए, इसके लिए ग्रामवार ठोस रणनीति बनाई जाए।
कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल-जल योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी एकल ग्राम नल-जल योजनाओं को शीघ्र “हर घर जल” घोषित करने की प्रक्रिया पूरी की जाए। जनपद सीईओ और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को जल प्रबंधन की नियमित मॉनिटरिंग करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में संकल्प से समाधान अभियान के तहत प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शिविरों में मिले आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, श्रम योगी मानधन योजना और प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने राजस्व, खनिज, परिवहन और पंजीयन विभागों को निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि योजनाओं के लिए मिले वित्तीय आवंटन में लापरवाही या राशि लैप्स होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में फायर स्टेशन के लिए भूमि आवंटन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, किसानों के फॉर्मर आईडी निर्माण, आधार नामांकन और औद्योगिक विकास कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने गुड क्लस्टर, कड़ाई वुडन क्लस्टर और मोही औद्योगिक क्षेत्र के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन, संयुक्त कलेक्टर मकसूद अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Comments are closed.