खबर 1
रबी विपणन वर्ष 2026-27 : सिकमी किसानों का पंजीयन 7 मार्च तक
बैतूल 23 फरवरी ।।
रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सिकमी (बटाईदार) किसानों का पंजीयन 7 फरवरी से प्रारंभ होकर 7 मार्च 2026 तक किया जाएगा। यह प्रक्रिया ई-उपार्जन व्यवस्था के तहत अधिकृत केंद्रों पर ही संपन्न होगी। इस वर्ष पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए शासन द्वारा कई नए निर्देश लागू किए गए हैं।
निर्देशानुसार बटाईदार और भू-स्वामी के बीच किया गया वैधानिक अनुबंध 2 फरवरी 2026 से पूर्व का होना अनिवार्य है। अनुबंध स्टाम्प पेपर पर होना चाहिए तथा उसमें सिकमी अवधि स्पष्ट अंकित रहे। राजस्व, खाद्य और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भौतिक सत्यापन के बाद ही पंजीयन मान्य होगा।
5 हेक्टेयर से अधिक भूमि के मामले में अनुबंध कम से कम एक वर्ष पुराना होना चाहिए। आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और वैधानिक अनुबंध की प्रति अनिवार्य है। भुगतान केवल मान्य बैंक खाते में ही किया जाएगा।
खबर 2
चना-मसूर समर्थन मूल्य हेतु पंजीयन 16 मार्च तक
बैतूल 23 फरवरी ।।
रबी विपणन वर्ष 2025-26 में चना और मसूर फसल को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीयन 20 फरवरी से शुरू हो चुका है। किसान 16 मार्च 2026 तक निशुल्क पंजीयन करा सकते हैं। जिले की 74 निर्धारित सहकारी समितियों में यह सुविधा उपलब्ध है।
सिकमी-बटाईदार किसानों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। अनुबंध में मूल भू-स्वामी का समग्र और आधार नंबर दर्ज करना अनिवार्य है। ओटीपी अथवा बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण आवश्यक रहेगा। खरीदी केंद्रों पर फेस प्रमाणीकरण के माध्यम से पहचान की जाएगी।
चना का समर्थन मूल्य 5,875 रुपए प्रति क्विंटल और मसूर का 7,000 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। भुगतान सीधे किसान के बैंक खाते में होगा।
खबर 3
जलवायु परिवर्तन एवं स्वास्थ्य पर प्रशिक्षण
बैतूल 23 फरवरी ।।
राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन एवं मानव स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत एएनएमटीसी प्रशिक्षण केंद्र टिकारी में कम्युनिटी हेल्थ अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विकासखंडों के स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हुए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुड़माड़े ने मौसम परिवर्तन के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी। जिला महामारी नियंत्रण अधिकारी डॉ. राजेश परिहार ने बचाव उपायों पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों द्वारा पोस्टर प्रस्तुति भी की गई।
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य कर्मियों को जलवायु परिवर्तन से जुड़ी चुनौतियों के प्रति जागरूक करना और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाना रहा।
खबर 4
मातोश्री वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर
बैतूल 23 फरवरी ।।
उड़दन स्थित मातोश्री वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में योग और आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
योग हेतु जिला नोडल अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह शाक्य ने नियमित योगाभ्यास के लाभ बताए। योग सहायक द्वारा प्राणायाम एवं योगासन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. योगेश चौकीकर ने आयुर्वेदिक दिनचर्या और संतुलित आहार पर मार्गदर्शन दिया।
शिविर में वृद्धजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नियमित योग व आयुर्वेद अपनाने का संकल्प लिया।
खबर 5
किसान कल्याण वर्ष : 15 हजार से अधिक किसान लाभान्वित
बैतूल 23 फरवरी।।
वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाते हुए जिले में कृषि रथों के माध्यम से 555 ग्राम पंचायतों तक पहुंच बनाई गई। 10 कृषि रथों द्वारा 15 हजार से अधिक किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कीट प्रबंधन, फसल विविधीकरण और उर्वरक वितरण व्यवस्था जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित किया।
कृषि रथ अभियान ने ग्रामीण क्षेत्रों में नई तकनीकों के प्रसार और किसानों की आय वृद्धि के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Comments are closed.