Madhya Pradesh Latest News

वनाधिकार दावों में देरी पर जयस का आरोप, 26 फरवरी को आंदोलन की चेतावनी,विधायक निधि से सांस्कृतिक मंच निर्माण में अनियमितता का आरोप,

By,वामन पोटे

खबर क्रमांक 1
वनाधिकार दावों में देरी पर जयस का आरोप, 26 फरवरी को आंदोलन की चेतावनी
बैतूल 23 फरवरी।। जयस प्रदेश संयोजक जामवन्त सिंह कुमरे ने आरोप लगाया कि भीमपुर और चुनालोमा के आदिवासी देवस्थलों से जुड़े सामुदायिक वनाधिकार दावा पत्र एक वर्ष बाद भी लंबित हैं। उन्होंने बताया कि भीमपुर के मुठवा देव स्थल के लिए ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कर एक हेक्टेयर भूमि का दावा प्रस्तुत किया गया था, लेकिन अब तक कोई प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ। चुनालोमा के खंडरई बाबा स्थल पर अतिक्रमण हटाने और अधिकार देने की कार्रवाई भी लंबित है। कुमरे ने मंत्रालय के निर्देशों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए। उन्होंने ताप्ती मेघा रिचार्ज और कंज़र्वेशन रिजर्व योजनाओं का विरोध करते हुए 26 फरवरी को आंदोलन करने की घोषणा की है।
खबर क्रमांक 2
विधायक निधि से सांस्कृतिक मंच निर्माण में अनियमितता का आरोप, मानवाधिकार आयोग में शिकायत
बैतूल। आमला ब्लॉक के लीलाझर गांव में हनुमान मंदिर के पास सांस्कृतिक मंच निर्माण में वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आए हैं। शिकायतकर्ता ने सीएम हेल्पलाइन और मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग में शिकायत कर जांच की मांग की है। आरोप है कि विधायक निधि से राशि निकाली गई, लेकिन स्थल पर स्पष्ट मंच निर्माण नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बिना सहमति शिवलिंग स्थानांतरण पर भी आपत्ति जताई है और इसे धार्मिक भावनाओं का उल्लंघन बताया है। मंदिर परिसर अधूरा होने से गंदगी और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। शिकायतकर्ता ने राशि की वसूली, दोषियों पर कार्रवाई और सार्वजनिक स्थल पर सही निर्माण कराने की मांग की है।
खबर क्रमांक 3
नगर पालिका के कचरा ठेके में पक्षपात का आरोप, कलेक्टर से जांच की मांग
बैतूल। नगर पालिका द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के तहत कचरा संग्रहण और परिवहन का ठेका वर्षों से एक ही फर्म को दिए जाने पर सवाल उठे हैं। आवेदक विवेक मालवीय, विरेन्द्र ठाकुर और रहमान ने कलेक्टर को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि टेंडर में जटिल शर्तें रखकर स्थानीय ठेकेदारों को बाहर किया जा रहा है, जिससे प्रतिस्पर्धा खत्म हो रही है। आवेदकों ने संबंधित फर्म पर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए पूरी प्रक्रिया की पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि टेंडर की अनावश्यक शर्तें हटाकर सभी को समान अवसर दिया जाए, ताकि पारदर्शिता और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
खबर क्रमांक 4
फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” पर रोक की मांग, यादव समाज आज देगा ज्ञापन
बैतूल। फिल्म “यादव जी की लव स्टोरी” के विरोध में अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। महासभा के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश यदुवंशी ने बताया कि फिल्म के पोस्टर और ट्रेलर में समाज की छवि को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि फिल्म का विरोध देशभर में हो रहा है। महासभा ने समाज के लोगों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विरोध दर्ज कराने की अपील की है। ज्ञापन में फिल्म पर रोक लगाने और समाज की गरिमा की रक्षा करने की मांग की जाएगी।
खबर क्रमांक 5
रक्त के सुरक्षित उपयोग पर सीएमई आयोजित, विशेषज्ञों ने कंपोनेंट थेरेपी पर दिया जोर
बैतूल। स्वास्थ्य विभाग और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होटल ग्रीन पार्क में सीएमई आयोजित हुई। कार्यक्रम में स्टेट ब्लड ट्रांसफ्यूजन काउंसिल की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रूबी खान और विशेषज्ञ डॉ. लिसा चौधरी ने रक्त और ब्लड कंपोनेंट्स के उपयोग पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संपूर्ण रक्त की बजाय कंपोनेंट थेरेपी अधिक प्रभावी है। पैक्ड रेड सेल्स, प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायोप्रेसिपिटेट का उपयोग जरूरत अनुसार किया जाता है। विशेषज्ञों ने ट्रांसफ्यूजन से पहले पहचान और क्रॉस मैच अनिवार्य बताया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे सहित कई चिकित्सक मौजूद रहे।
खबर क्रमांक 6
मंदिर भूमि विवाद में तनाव, अतिक्रमण और धमकी के आरोप, एफआईआर की मांग
बैतूल। ग्राम सावंगी में शिव-कामाख्या मंदिर भूमि विवाद को लेकर तनाव बढ़ गया है। मंदिर निर्माण से जुड़े रविन्द्र मानकर ने थाना आठनेर में आवेदन देकर रघुनाथ मानकर और सहयोगियों पर अतिक्रमण और धमकी के आरोप लगाए हैं। शिकायत में कहा गया कि मंदिर निर्माण निजी संसाधनों और श्रद्धालुओं के सहयोग से किया जा रहा है, जबकि आरोपियों ने भीड़ जुटाकर कार्य में बाधा पहुंचाई। मानकर ने परिवार को धमकाने और अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर सुरक्षा प्रदान करने और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। मामला सिविल न्यायालय में भी विचाराधीन है।
खबर क्रमांक 7
1857 के शहीदों के वंशजों को पेंशन और मुआवजे की मांग, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन
बैतूल ।। 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के वंशजों को पेंशन और सम्मान देने की मांग को लेकर अल हिंद पार्टी ने नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बैतूल के पवन मालवी सहित कई लोग शामिल हुए। ज्ञापन में मांग की गई कि शहीद परिवारों को पेंशन, मुआवजा, रोजगार और पहचान पत्र दिए जाएं। साथ ही प्रभावित गांवों का पुनर्वास और स्मारक निर्माण की मांग भी उठाई गई। संगठन ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के वंशजों को उचित सम्मान मिलना चाहिए। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।
खबर क्रमांक 8
युवा कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार पर जोर, बूथ स्तर तक मजबूती का संकल्प
बैतूल 23 फरवरी।। युवा कांग्रेस की विधानसभा स्तरीय बैठक ग्राम भारत भारती में आयोजित हुई, जिसमें संगठन विस्तार और बूथ स्तर पर मजबूती पर जोर दिया गया। बैठक में विधानसभा अध्यक्ष प्रितेश गंगारे के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने आगामी कार्यक्रमों की रणनीति बनाई। जिला प्रभारी अक्षय जैसवाल और जिला अध्यक्ष संजय यादव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में युवाओं को संगठन से जोड़ने और सक्रिय टीम बनाने का संकल्प लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर जनहित के मुद्दों पर प्रभावी भूमिका निभाई जाएगी।

Comments are closed.