Madhya Pradesh Latest News

सापना लेक व्यू रिसोर्ट से बदलेगा बैतूल का पर्यटन परिदृश्य

By,वामन पोटे

सापना लेक व्यू रिसोर्ट से बदलेगा बैतूल का पर्यटन परिदृश्य
बैतूल 23 फरवरी।।सतपुड़ा की मनमोहक वादियों और प्राकृतिक सौंदर्य से घिरे सापना जलाशय के किनारे निर्मित सापना लेक व्यू रिसोर्ट का भव्य शुभारंभ रविवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिले सहित प्रदेश के अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। यह रिसोर्ट न केवल बैतूल को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।
शुभारंभ समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते तथा राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मीकि सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत रिसोर्ट संचालक अतुल शुक्ला, श्रद्धा शुक्ला और उनके परिवारजनों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सापना जलाशय के किनारे इस तरह का सुंदर और आधुनिक रिसोर्ट बनना बैतूल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह स्थल आने वाले समय में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के पर्यटकों को आकर्षित करेगा। उन्होंने संचालकों से पर्यटकों की सुविधा के अनुरूप और अधिक सुविधाएं विकसित करने का भी आग्रह किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि सतपुड़ा की सुरम्य वादियों के बीच यह रिसोर्ट परिवार के साथ समय बिताने के लिए आदर्श स्थान सिद्ध होगा। उन्होंने इसे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और इस प्रकार की परियोजनाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में सहायक होंगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते ने रिसोर्ट की सुंदरता और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थान बैतूल ही नहीं, पूरे मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा। कार्यक्रम के पश्चात सभी अतिथियों ने रिसोर्ट परिसर का अवलोकन किया तथा जल पर्यटन का आनंद लिया।
प्राकृतिक सौंदर्य, शांत वातावरण, जल क्रीड़ाओं और आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह रिसोर्ट बैतूल को पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की क्षमता रखता है। आने वाले समय में यह स्थल जिले के आर्थिक विकास का सशक्त आधार बनेगा।

Comments are closed.