Madhya Pradesh Latest News

कॉलेज चौक बनेगा आधुनिक ट्रैफिक मॉडल, लेकिन डिजाइन पर उठे सवाल

By, वामन पोटे

कॉलेज चौक बनेगा आधुनिक ट्रैफिक मॉडल, लेकिन डिजाइन पर उठे सवाल

बैतूल 24 फरवरी // बैतूल शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील यातायात केंद्रों में शामिल कॉलेज चौक का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। लंबे समय से ट्रैफिक जाम और अव्यवस्थित यातायात की समस्या से जूझ रहे इस चौराहे पर अब सड़क चौड़ीकरण, अंडरग्राउंड पुलिया और आधुनिक लेफ्ट टर्न सुविधा के साथ लगभग 1.60 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य किया जा रहा है। इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद शहरवासियों को जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
सोमवार को चौड़ीकरण कार्य के दौरान चौराहे के कोने पर स्थित वन मंडलाधिकारी के बंगले की बाउंड्रीवाल, जो सड़क विस्तार में बाधा बन रही थी, उसे जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। अभी बाउंड्रीवाल का कुछ हिस्सा और हटाया जाना शेष है, जिसके बाद नई सीमा रेखा का निर्माण किया जाएगा। बाउंड्रीवाल हटने के बाद सड़क पहले की तुलना में काफी चौड़ी दिखाई देने लगी है। इसके साथ ही सड़क विस्तार में बाधा बन रहे कुछ पेड़ों को भी हटाया गया है। परशुराम चौक के पास स्थित एक बड़े पेड़ को हटाने के दौरान बाउंड्रीवाल का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिसे अब नए डिजाइन के अनुरूप पुनर्निर्मित किया जाएगा।
तैयार की गई तकनीकी ड्राइंग और डिजाइन के अनुसार कॉलेज चौक शहर का पहला ऐसा चौराहा होगा, जिसे आधुनिक ट्रैफिक प्रबंधन मानकों के आधार पर विकसित किया जा रहा है। चौराहे के चारों दिशाओं में लेफ्ट टर्न के लिए अलग-अलग पासिंग लेन बनाई जा रही हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद लेफ्ट टर्न लेने वाले वाहनों को मुख्य चौराहे में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं होगी। वे सीधे किनारे से निकल सकेंगे, जिससे चौराहे के मध्य भाग में वाहनों का दबाव कम होगा और ट्रैफिक सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।
हालांकि इस विकास कार्य के बीच कुछ सवाल भी उठ रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि कॉलेज चौक की ड्राइंग और डिजाइन तैयार करने के लिए एक निजी आर्किटेक्ट को लाखों रुपए का भुगतान किया गया है। आरोप है कि यह प्रक्रिया नियमों के अनुरूप नहीं अपनाई गई और इसमें सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, जिससे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शहर के नागरिकों का मानना है कि यदि यह कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा होता है, तो कॉलेज चौक का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा। इससे न केवल यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि शहर के विकास को भी नई दिशा मिलेगी। अब लोगों की नजर इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने और इससे मिलने वाले वास्तविक लाभ पर टिकी हुई है।

Comments are closed.