“सम्मान से समझौता नहीं”: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर उबाल, समाज ने राष्ट्रपति-PM तक लगाई गुहार, रिलीज रोकने की चेतावनी
By,वामन पोटे
“सम्मान से समझौता नहीं”: ‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर उबाल, समाज ने राष्ट्रपति-PM तक लगाई गुहार, रिलीज रोकने की चेतावनी

बैतूल 25 फरवरी ।।
एक फिल्म की कहानी ने बैतूल में एक पूरे समाज के दिलों में आक्रोश की आग जला दी है। ओम ठकुरानी प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले बनी फिल्म यादव जी की लव स्टोरी के पोस्टर और ट्रेलर को लेकर यादव समाज ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए इसे अपनी अस्मिता और सम्मान पर हमला बताया है। समाज के लोगों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि फिल्म के प्रदर्शन पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
मंगलवार शाम बैतूल कलेक्ट्रेट परिसर में उस समय भावनात्मक और गंभीर माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में यादव समाज के प्रतिनिधि अपनी पीड़ा और आक्रोश लेकर पहुंचे। अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव बद्रीप्रसाद यादव के नेतृत्व में समाजजनों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में फिल्म की रिलीज पर तत्काल प्रतिबंध लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।
“हमारी पहचान को गलत तरीके से दिखाया जा रहा”
महासभा के प्रदेश सचिव गंगाप्रसाद यादव ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि फिल्म के पोस्टर, ट्रेलर और सोशल मीडिया पर प्रसारित प्रचार सामग्री में यादव समाज को एक विशेष संदर्भ में अपमानजनक और भ्रामक तरीके से प्रस्तुत किया गया है।
उन्होंने कहा,
“यादव समाज ने हमेशा देश की सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे समाज को गलत तरीके से चित्रित करना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि हमारी भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है।”
उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म के प्रचार में जिस तरह के संकेत दिए गए हैं, उससे समाज की छवि धूमिल करने की कोशिश की गई है, जिसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
रिलीज से पहले ही बढ़ा विवाद, 27 फरवरी को आनी है फिल्म

यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन अंकित भड़ाना ने किया है, जबकि प्रगति तिवारी, विशाल मोहन और अंकित भड़ाना इसमें मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी सिंपल यादव नाम की एक युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने पहले प्यार वसीम अख्तर से गहराई से जुड़ी होती है। लेकिन परिवार और समाज के दबाव में उसे अभिमन्यु यादव से विवाह करना पड़ता है। प्रेम, परंपरा और सामाजिक दबाव के इस टकराव पर आधारित कहानी को लेकर ही विवाद खड़ा हो गया है।
समाज के लोगों का आरोप है कि इस कहानी और इसके प्रस्तुतिकरण में ऐसे तत्व हैं, जो यादव समाज को गलत और आपत्तिजनक रूप में प्रस्तुत करते हैं।
भावनाओं के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: समाज
ज्ञापन में समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद या टकराव पैदा करना नहीं है, बल्कि अपने समाज के सम्मान और गरिमा की रक्षा करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें और फिल्म की सामग्री की गहन जांच कराएं।
साथ ही केंद्र सरकार से भी मांग की गई है कि यदि फिल्म में समाज की छवि को ठेस पहुंचाने वाले तत्व पाए जाते हैं, तो उस पर देशभर में प्रतिबंध लगाया जाए।
समाज के लोगों का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर किसी भी समाज की प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
कलेक्ट्रेट में मंगलवार देर शाम तक गूंजती रही आवाज
समाज के लोगों ने ज्ञापन सौंपने समाज के प्रतिनिधि कलेक्ट्रेट पहुंचे। इसके बावजूद बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल गंभीर और भावनात्मक बना रहा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान समाज के प्रतिनिधियों के चेहरों पर आक्रोश के साथ-साथ पीड़ा भी साफ नजर आ रही थी। कई लोगों ने कहा कि यह केवल एक फिल्म का मामला नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान और पहचान का सवाल है।
जिले में बना चर्चा का विषय, सरकार के फैसले पर नजर
बैतूल जिले में यादव समाज की बड़ी आबादी होने के कारण यह मामला तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। गांवों से लेकर शहर तक, हर जगह इस मुद्दे पर चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी समाज के लोग फिल्म के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।
अब सभी की नजर सरकार और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है। समाज के लोगों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
फिलहाल बैतूल में एक ही संदेश गूंज रहा है—
सम्मान से समझौता नहीं होगा, और समाज की अस्मिता पर किसी भी तरह का आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Comments are closed.