Madhya Pradesh Latest News

अतिक्रमण पर सियासी घमासान ,चोपना में भाजपा नेता के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:सरकारी जमीन पर बनाया था कॉम्प्लेक्स

By,वामन पोटे

चोपना में भाजपा नेता के अतिक्रमण पर चला बुलडोजर:सरकारी जमीन पर बनाया था कॉम्प्लेक्स
अतिक्रमण पर सियासी घमासान
बैतूल 28 फरवरी।। घोड़ाडोंगरी तहसील के चोपना बाजार में शनिवार को प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई ने न केवल अवैध निर्माण को ध्वस्त किया, बल्कि स्थानीय राजनीति में भी हलचल मचा दी। शासकीय भूमि पर बनाए गए अवैध कॉम्प्लेक्स को हाईकोर्ट के आदेश के बाद गिराया गया। खास बात यह है कि इसी कॉम्प्लेक्स में भाजपा का स्थानीय कार्यालय भी संचालित हो रहा था, जिससे मामला और अधिक राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।
सुबह प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ चोपना बाजार पहुंचा। एसडीएम प्रपंज आर, तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध दुकानों और कॉम्प्लेक्स को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए बाजार में हलचल बनी रही।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, भाजपा नेता तपन विश्वास द्वारा सरकारी जमीन पर कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया था। इस कॉम्प्लेक्स में लगभग 12 से 15 दुकानें बनाई गई थीं, जिनमें से कई दुकानों को बेच भी दिया गया था। इसी कॉम्प्लेक्स के एक हिस्से में भाजपा का स्थानीय कार्यालय भी संचालित हो रहा था। जांच में यह निर्माण पूरी तरह अवैध पाया गया, जिसके बाद इसे हटाने के आदेश जारी किए गए थे।
बताया जाता है कि इस अवैध निर्माण की शिकायत करीब पांच वर्ष पहले कांग्रेस नेता तरुण मंडल द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के बाद राजस्व विभाग ने जांच की और अतिक्रमण की पुष्टि होने पर निर्माण हटाने तथा जुर्माना वसूलने का आदेश दिया। तहसीलदार द्वारा तपन विश्वास को 40 हजार रुपए का जुर्माना भरने का नोटिस भी जारी किया गया था। हालांकि, विश्वास ने आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर कर दी, जिससे मामला लंबित हो गया था।
हाल ही में हाईकोर्ट ने अतिक्रमणकारियों की अपील खारिज कर दी, जिसके बाद प्रशासन ने बिना देरी किए कार्रवाई शुरू कर दी। एसडीएम प्रपंज आर ने बताया कि तपन विश्वास सहित तीन से चार अन्य लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और प्रशासन न्यायालय के आदेशों का सख्ती से पालन करेगा।
इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने इसे कानून की जीत बताते हुए कहा कि लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जा कर नियमों की अनदेखी की जा रही थी, लेकिन अब न्यायालय के आदेश से अवैध कब्जा हटाया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि सत्ता से जुड़े लोगों के कारण कार्रवाई वर्षों तक टलती रही।
वहीं, भाजपा नेता तपन विश्वास ने प्रशासन की कार्रवाई को राजनीतिक दबाव में किया गया कदम बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चोपना बाजार में कई अन्य लोगों ने भी सरकारी जमीन पर निर्माण किया है, लेकिन प्रशासन केवल चुनिंदा लोगों को निशाना बना रहा है। विश्वास ने यह भी कहा कि उनके कॉम्प्लेक्स में भाजपा का कार्यालय होने के कारण राजनीतिक दुर्भावना से कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चोपना बाजार में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है और यदि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करे तो कई अन्य अवैध निर्माण भी सामने आ सकते हैं। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन सभी अतिक्रमणों पर समान रूप से कार्रवाई करेगा।
फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि शासकीय भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। वहीं, भाजपा कार्यालय वाले कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलने से यह मामला प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ राजनीतिक चर्चा का भी केंद्र बन गया है।

Comments are closed.