पाढर अस्पताल में नई नेतृत्व टीम की कमान, डॉ. आशीष चौधरी बने डायरेक्टर 68वें स्थापना दिवस पर हुआ नेतृत्व परिवर्तन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लिया संकल्प
By,वामन पोटे
पाढर अस्पताल में नई नेतृत्व टीम की कमान, डॉ. आशीष चौधरी बने डायरेक्टर
68वें स्थापना दिवस पर हुआ नेतृत्व परिवर्तन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लिया संकल्प
बैतूल 5मार्च।। जिले के प्रतिष्ठित पाढर अस्पताल ने गुरुवार को अपना 68वां स्थापना दिवस मनाते हुए नई नेतृत्व टीम को जिम्मेदारी सौंपी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अस्पताल की गौरवशाली यात्रा को याद किया गया और भविष्य में और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प लिया गया। स्थापना दिवस समारोह के दौरान संस्थान में औपचारिक रूप से नेतृत्व परिवर्तन भी किया गया।
पिछले कई दशकों से क्षेत्र में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे पाढर अस्पताल में अब नई नेतृत्व टीम ने कमान संभाल ली है। कार्यक्रम के दौरान लंबे समय तक मेडिकल सुपरिटेंडेंट रहे डॉ. राजीव चौधरी ने संस्थान की जिम्मेदारी नई टीम को सौंपते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
अस्पताल के नए डायरेक्टर के रूप में डॉ. आशीष चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. आशीष चौधरी एमएस और एमसीएच यूरोलॉजी विशेषज्ञ हैं और लगभग 20 वर्षों से पाढर अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपने अनुभव और विशेषज्ञता के साथ अब वे अस्पताल के संचालन और चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा देंगे। वहीं डॉ. लिसा चौधरी (एमडी पैथोलॉजी) को डिप्टी डायरेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. जी. मृदुल मनोज (एमडीएस – मुख, जबड़ा एवं चेहरा शल्य चिकित्सक) को मेडिकल सुपरिटेंडेंट और डॉ. डेज़ी रूबेन चौधरी (एमबीबीएस, एमएस नेत्र विज्ञान) को डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
स्थापना दिवस के अवसर पर अस्पताल में नई चिकित्सा सेवाओं की भी जानकारी दी गई। प्रख्यात नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. डेज़ी आर. चौधरी अब पाढर अस्पताल में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करेंगी। वे विशेष रूप से बाल नेत्र रोग, मोतियाबिंद और भेंगापन (स्ट्रैबिस्मस) के उपचार में विशेषज्ञ मानी जाती हैं। इससे क्षेत्र के मरीजों को उच्च स्तरीय नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
पाढर अस्पताल लंबे समय से बहुआयामी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जाना जाता है। यहां जनरल मेडिसिन, सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, यूरोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, क्रिटिकल केयर, डायलिसिस, ऑर्थोपेडिक, डेंटल, मैक्सिलोफेशियल, लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, एनआईसीयू, बाल रोग, त्वचा रोग, कैंसर, ईएनटी और एनेस्थीसिया जैसी कई क्लीनिकल सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके साथ ही फिजियोथेरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, कृत्रिम अंग निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य पहल, चैपलेनसी और मेडिकल रिकॉर्ड जैसी सहायक सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं।
अस्पताल में मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, उपशामक देखभाल और बांझपन उपचार जैसे विशेष क्लिनिक भी चलाए जा रहे हैं। आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं में हिस्टोपैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री, हेमेटोलॉजी, सीरोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, ईसीजी, टीएमटी, पीएफटी, वायरोलॉजी, एंडोस्कोपी, सीटी स्कैन, डिजिटल एक्स-रे और 4डी कलर डॉपलर जैसी जांचें उपलब्ध हैं। साथ ही अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं, एंबुलेंस और ब्लड बैंक की सुविधा भी निरंतर उपलब्ध रहती है।
समारोह का सबसे भावुक क्षण वह रहा जब डॉ. राजीव चौधरी ने अपने 18 वर्षों के सफल कार्यकाल के बाद संस्थान की बागडोर नई टीम को सौंपी। वर्ष 2008 से 2026 तक मेडिकल सुपरिटेंडेंट के रूप में उन्होंने अस्पताल को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित किया और नई पीढ़ी के चिकित्सकों को आगे बढ़ने का अवसर दिया।
नई जिम्मेदारी संभालते हुए डॉ. आशीष चौधरी और उनकी टीम ने संकल्प लिया कि वे पाढर अस्पताल की सेवा, समर्पण और गुणवत्ता की विरासत को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र के मरीजों को और बेहतर तथा आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
Comments are closed.