मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की बेटी सुरभि का निधन, बैतूल में अंतिम संस्कार

बैतूल 11 मार्च।। मध्य प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल का बुधवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह 34 वर्ष की थीं और लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। उनके निधन की खबर फैलते ही बैतूल स्थित खंडेलवाल परिवार के निवास पर शोक व्यक्त करने वालों का तांता लग गया।
परिवार के अनुसार, सुरभि खंडेलवाल विशेष जरूरतों वाली (स्पेशल चाइल्ड) थीं और काफी समय से उनका उपचार चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे उनकी नियमित फिजियोथेरेपी हुई थी, जिसके कुछ समय बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। दोपहर करीब 12 बजे हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया।
सुरभि खंडेलवाल के निधन की जानकारी भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने बताया कि सुरभि लंबे समय से बीमार थीं और उनका नियमित इलाज चल रहा था।
बेटी के निधन की सूचना मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भोपाल से बैतूल पहुंचे। इसके बाद उनके सिविल लाइंस स्थित निजी निवास ‘चंद्रमौली’ से अंतिम यात्रा निकाली गई। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
सुरभि खंडेलवाल का अंतिम संस्कार बैतूल के कोठी बाजार स्थित मोक्षधाम में किया गया। मुखाग्नि उनके भाई वरद खंडेलवाल ने दी। अंतिम संस्कार के दौरान परिवारजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
सुरभि के निधन पर प्रदेश के कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि सुरभि खंडेलवाल का बीमारी के कारण निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इधर, सुरभि का उपचार कर रहे आचार्य विवेक जैन ने बताया कि वे लंबे समय से सुरभि को एक्यूपंक्चर और नेचुरोपैथी उपचार दे रहे थे। उनके शरीर में लगातार अकड़न रहती थी, जिसके उपचार के लिए एक्यूप्रेशर और नेचुरोपैथी पद्धति अपनाई जा रही थी। उपचार के बाद उनकी स्थिति में कुछ सुधार भी देखा गया था और वे धीरे-धीरे चलने-फिरने लगी थीं।
उन्होंने बताया कि सुरभि बोल नहीं पाती थीं, लेकिन हाव-भाव के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त करती थीं और आसपास की गतिविधियों को समझती थीं। बुधवार को भी उनकी नियमित एक्यूप्रेशर थेरेपी की गई थी। उपचार के बाद वे मुस्कुराईं और वहां मौजूद लोगों से इशारों में बातचीत भी की।
आचार्य विवेक जैन के अनुसार, थेरेपी के बाद सुरभि ने कुछ समय बाद भोजन भी किया, लेकिन इसके थोड़ी देर बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया।
सुरभि खंडेलवाल के निधन से बैतूल सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जिले के कई जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, चिकित्सकों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने खंडेलवाल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को इस दुखद घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
बताया जा रहा है कि सुरभि खंडेलवाल का लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी उपचार चल रहा था और परिवार उनके स्वास्थ्य को लेकर लगातार प्रयास कर रहा था। उनके निधन से खंडेलवाल परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।
Comments are closed.