10 खबर, संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने जिला पंचायत का किया निरीक्षण , तमिलनाडु में बंधुआ बनाए गए बैतूल के 20 श्रमिकों को प्रशासन ने कराया मुक्त ,राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से 8 वर्षीय नैन्सी को नया जीवन, अहमदाबाद में हुआ निःशुल्क हृदय ऑपरेशन
खबर–1
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से 8 वर्षीय नैन्सी को नया जीवन, अहमदाबाद में हुआ निःशुल्क हृदय ऑपरेशन
बैतूल, 12 मार्च।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आठनेर विकासखंड के ग्राम हिडली की 8 वर्षीय कु. नैन्सी का अहमदाबाद स्थित श्री सत्य साईं हार्ट हॉस्पिटल में सफल निःशुल्क हृदय ऑपरेशन किया गया। नैन्सी बचपन से कमजोर थी और चलने पर सांस फूलने की समस्या रहती थी। स्कूल जांच के दौरान आरबीएसके टीम ने संभावित हृदय रोग के लक्षण पहचाने। बाद में जेपी हॉस्पिटल भोपाल में जांच के दौरान दिल में छेद की पुष्टि हुई। 1 फरवरी को ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। अब नैन्सी स्वस्थ है और उसका वजन भी बढ़ा है।
खबर–2
आशा पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित, समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने पर जोर
बैतूल, 12 मार्च।
एएनएमटीसी प्रशिक्षण केंद्र टिकारी में 9, 11 और 12 मार्च को आशा पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आशा कार्यकर्ताओं को समुदाय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए सक्षम बनाना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार हुरमाड़े ने बताया कि आशा, एएनएम और सीएचओ के साथ मिलकर नवजात शिशुओं और धात्री माताओं को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। प्रशिक्षण के दौरान एचबीएनसी और एचबीवायसी सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर भी विशेष मार्गदर्शन दिया गया।
खबर–3
संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने जिला पंचायत का किया निरीक्षण
बैतूल, 12 मार्च।
संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने गुरुवार को जिला पंचायत बैतूल का निरीक्षण कर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली के संचालन का अवलोकन करते हुए पत्रों के डिस्पैच के लिए केंद्रीकृत व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। साथ ही कैशबुक का निरीक्षण कर 15वें वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य योजनाओं में प्राप्त आवंटन व व्यय की जानकारी ली। संभागायुक्त ने प्रगतिरत निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने और कार्यालयीन व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खबर–4
संभागायुक्त, आईजी और कलेक्टर ने स्व. सुरभि खंडेलवाल को दी श्रद्धांजलि
बैतूल, 12 मार्च।
संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी, आईजी मिथलेश कुमार शुक्ला, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के निवास पहुंचकर उनकी पुत्री स्व. सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने दिवंगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर एसडीएम, एसडीओपी और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।
खबर–5
बैतूल न्यायालय परिसर में 14 मार्च को लगेगी नेशनल लोक अदालत
बैतूल, 12 मार्च।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार 14 मार्च को बैतूल न्यायालय परिसर में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष दिनेश चंद्र थपलियाल द्वारा किया जाएगा। लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति से त्वरित और सरल समाधान किया जाएगा, जिससे पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल सके।
खबर–6
पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दी स्व. सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि
बैतूल, 12 मार्च।
मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बैतूल पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निवास पर उनकी पुत्री स्व. सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। डॉ. मिश्रा ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
खबर–7
जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि
बैतूल, 12 मार्च।
मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बैतूल पहुंचकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निवास पर उनकी पुत्री स्व. सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्पांजलि अर्पित कर परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य सुधाकर पवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
खबर–8
महिला आईटीआई में 15 दिवसीय ‘अपराजिता’ कार्यक्रम शुरू, छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण
बैतूल, 12 मार्च।
शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में 15 दिवसीय “अपराजिता” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग और जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया है। इसमें छात्राओं को जूडो-कराटे, आत्मरक्षा तकनीक और कार ड्राइविंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वासी बनाना है, ताकि वे किसी भी परिस्थिति में अपनी सुरक्षा कर सकें।
खबर–9
जिला सैनिक बोर्ड की वार्षिक बैठक 13 मार्च को होगी
बैतूल, 12 मार्च।
अपर कलेक्टर वंदना जाट की अध्यक्षता में 13 मार्च को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सैनिक बोर्ड की वार्षिक बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पूर्व सैनिकों, शहीदों की पत्नियों और आश्रितों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की जाएगी। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन सुमीत सिंह (से.नि.) ने सभी पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों से बैठक में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखने का अनुरोध किया है, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
खबर–10
तमिलनाडु में बंधुआ बनाए गए बैतूल के 20 श्रमिकों को प्रशासन ने कराया मुक्त
बैतूल, 12 मार्च।
तमिलनाडु के इरोड जिले में बंधुआ बनाकर रखे गए बैतूल के 20 श्रमिकों को जिला प्रशासन ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर वापस लाया। बैतूल रेलवे स्टेशन पर कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी वीरेंद्र जैन ने श्रमिकों का स्वागत किया। श्रमिकों को सुरक्षित घर पहुंचाने के लिए बस और भोजन की व्यवस्था की गई। प्रशासन ने बताया कि प्रत्येक श्रमिक को 30-30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह श्रमिक भीमपुर ब्लॉक के विभिन्न गांवों के निवासी हैं और मजदूरी के लिए तमिलनाडु गए थे।
Comments are closed.