Madhya Pradesh Latest News

सीएम मोहन यादव व डिप्टी सीएम देवड़ा बैतूल पहुंचे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री के निधन पर जताई संवेदना

By,वामन पोटे

सीएम मोहन यादव व डिप्टी सीएम देवड़ा बैतूल पहुंचे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री के निधन पर जताई संवेदना
बैतूल, 14 मार्च  : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बैतूल पहुंचे और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री कृष्णा गौर भी बैतूल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मिले और अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हेलीकॉप्टर से बैतूल पहुंचे, जहां से वे सीधे गंज स्थित खंडेलवाल निवास पहुंचे। उन्होंने हेमंत खंडेलवाल और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि वे सुरभि खंडेलवाल के निधन से अत्यंत दुखी हैं और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेमंत खंडेलवाल ने अपनी पुत्री की लंबे समय तक समर्पित भाव से सेवा की। उन्होंने कहा कि सुरभि बाल्यकाल से ही अस्वस्थता से जूझ रही थीं, लेकिन इसके बावजूद परिवार ने पूरी निष्ठा के साथ उनकी देखभाल की। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार के किसी भी सदस्य के बिछड़ने का दुख बहुत गहरा होता है और यह क्षति अपूरणीय होती है।
डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा प्रदेश खंडेलवाल परिवार के साथ खड़ा है।
इससे पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचे। उन्होंने खंडेलवाल निवास पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की और सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की। देवड़ा ने कहा कि वे दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करते हैं।
मंत्री कृष्णा गौर ने भी खंडेलवाल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि यह दुखद क्षण पूरे राजनीतिक और सामाजिक परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।
सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद से बैतूल में प्रदेशभर के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं का खंडेलवाल निवास पर लगातार आना-जाना लगा हुआ है। शनिवार को भी कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी बैतूल पहुंचे और परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा और हेलीपैड सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई

Comments are closed.