Madhya Pradesh Latest News

नेशनल लोक अदालत में बैतूल नगर पालिका ने बनाया वसूली का रिकॉर्ड, एक दिन में 1.15 करोड़ रुपये जमा

By,वामन पोटे

नेशनल लोक अदालत में बैतूल नगर पालिका ने बनाया वसूली का रिकॉर्ड, एक दिन में 1.15 करोड़ रुपये जमा
बैतूल, 16 मार्च ।।आर्थिक तंगी से जूझ रही बैतूल नगर पालिका के लिए इस बार आयोजित नेशनल लोक अदालत किसी वरदान से कम साबित नहीं हुई। शनिवार को आयोजित लोक अदालत में नगर पालिका ने वसूली का नया रिकॉर्ड बनाते हुए एक ही दिन में 1 करोड़ 15 लाख 92 हजार 557 रुपये का राजस्व प्राप्त किया। नगर पालिका के इतिहास में एक दिन में हुई यह संभवत: सबसे बड़ी वसूली मानी जा रही है। इस उपलब्धि से न केवल नगरपालिका के खजाने को बड़ी राहत मिली है, बल्कि कर्मचारियों में भी उत्साह का माहौल है।
लोक अदालत में सबसे अधिक वसूली संपत्ति कर के रूप में हुई। संपत्ति कर से नगर पालिका को 79 लाख 27 हजार 422 रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा जल कर से 30 लाख 94 हजार 348 रुपये की राशि जमा हुई। वहीं दुकान और भवन किराया मद में 5 लाख 70 हजार 787 रुपये की वसूली की गई। इन तीन प्रमुख मदों से हुई कुल वसूली ने नगर पालिका के राजस्व में बड़ा इजाफा किया।
नगर पालिका के राजस्व अमले के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी इस लोक अदालत से काफी उम्मीदें थीं। राजस्व शाखा के कर्मचारियों के लिए यह अवसर अपनी कार्यक्षमता साबित करने का था, वहीं अन्य कर्मचारियों को उम्मीद थी कि अच्छी वसूली होने से वेतन भुगतान में आने वाली समस्याएं दूर होंगी। शनिवार को हुई रिकॉर्ड वसूली ने इन सभी उम्मीदों को काफी हद तक पूरा कर दिया।
लोक अदालत में प्राप्त इस बड़ी राशि से नगर पालिका की कुल वार्षिक वसूली का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक नगर पालिका की कुल वसूली 7 करोड़ 57 लाख 96 हजार 736 रुपये तक पहुंच गई है। इसमें संपत्ति कर से 5 करोड़ 36 लाख 48 हजार 243 रुपये, जल कर से 1 करोड़ 76 लाख 51 हजार 423 रुपये तथा दुकान-भवन किराया से 44 लाख 97 हजार 70 रुपये की राशि शामिल है।
गौरतलब है कि फरवरी माह के अंत तक नगर पालिका की कुल वसूली का आंकड़ा मात्र 5 करोड़ 10 लाख 15 हजार 659 रुपये तक ही पहुंच पाया था। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही थी कि वित्तीय वर्ष समाप्त होने तक वसूली का लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि नेशनल लोक अदालत के माध्यम से हुई इस रिकॉर्ड वसूली ने स्थिति को पूरी तरह बदल दिया है।
नगर पालिका के लिए इस वित्तीय वर्ष में कुल 11 करोड़ 67 लाख 80 हजार 790 रुपये की वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह वसूली 1 अप्रैल से 31 मार्च तक की अवधि में की जानी है। फरवरी तक अपेक्षाकृत कम वसूली होने से लक्ष्य काफी दूर नजर आ रहा था, लेकिन लोक अदालत के बाद कुल वसूली लगभग 65 प्रतिशत तक पहुंच गई है। अभी मार्च माह के लगभग पंद्रह दिन शेष हैं, ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि यह आंकड़ा 70 प्रतिशत से अधिक तक पहुंच सकता है।
नगर पालिका की यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पिछले कई दिनों से यहां नियमित मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) पदस्थ नहीं हैं। इसके बावजूद राजस्व शाखा ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
राजस्व शाखा प्रभारी ब्रजकिशोर परते और सहायक प्रभारी अखिल राय के नेतृत्व में पूरी टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अधिकारियों और कर्मचारियों का कहना है कि लोक अदालत के दौरान नागरिकों ने भी बकाया कर जमा कराने में सकारात्मक सहयोग दिया।
रिकॉर्ड वसूली से उत्साहित राजस्व शाखा की टीम अब मार्च माह के शेष दिनों में भी अधिक से अधिक बकाया राशि वसूलने के प्रयास में जुट गई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि यदि इसी तरह अभियान जारी रहा तो वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले वसूली का प्रतिशत और भी बेहतर हो सकता है।
नगर पालिका के लिए यह उपलब्धि न केवल आर्थिक राहत लेकर आई है, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी यह संदेश देती है कि बेहतर समन्वय और प्रयासों से सीमित संसाधनों में भी बड़े परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

 

Comments are closed.