भैंसदेही में जुआ-सट्टे पर पुलिस कार्रवाई को लेकर उठे सवाल, चार जुआरी गिरफ्तार
जुआ फड़ से 1,375 रुपये और 52 ताश के पत्ते जब्त; क्षेत्र में खुलेआम सट्टा संचालित होने के आरोप
बैतूल, 17 अगस्त। भैंसदेही पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से 1,375 रुपये नकद तथा ताश के 52 पत्ते जब्त किए गए हैं। कार्रवाई को पुलिस ने जुआरियों के खिलाफ लगातार चौथी कार्रवाई बताया है। हालांकि, कार्रवाई में जब्त राशि को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 16 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगल भवन के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बिजली के खंभे की रोशनी के नीचे जुआ खेल रहे चार लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान राहुल राठौर (36), आशीष धाकड़ (26), शेख शोएब (30) और शेख शरीफ (30), सभी भैंसदेही निवासी, के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि इससे पूर्व पुलिस द्वारा पकड़े गए 22 जुआरियों के मामले में भी बड़ी रकम बरामद होने की चर्चा थी, लेकिन जप्ती में कम राशि दर्शाए जाने के आरोप लगाए गए थे। ऐसे में इस कार्रवाई में महज 1,375 रुपये की नकदी जब्त किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि भैंसदेही और आसपास के दर्जनों गांवों में मोबाइल के माध्यम से सट्टे का कारोबार खुलेआम चल रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक स्कूलों के आसपास भी मोबाइल पर सट्टा लगाने की गतिविधियां बढ़ रही हैं और कुछ स्कूली छात्रों के भी इसकी चपेट में आने की चिंता जताई जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से जुआ-सट्टे के पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर, सहायक उपनिरीक्षक श्रीकांत वर्मा सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें