बैतूल के पूर्व विधायक चैतराम मानेकर का निधन, आमला ने खोया जननेता
बैतूल 2 नवंबर :
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले की आमला विधानसभा सीट से दो बार के विधायक और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता चैतराम मानेकर का रविवार, 1 नवंबर को भोपाल एम्स में निधन हो गया। वे पिछले दो महीने से ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थे और इलाज के दौरान उन्होंने सुबह करीब 7:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पंचायत से विधानसभा तक का सफर
स्वर्गीय मानेकर का राजनीतिक जीवन जमीनी संघर्ष और जनसेवा की मिसाल रहा है। उन्होंने 1970 से 1975 तक ग्राम पंचायत उमरिया के पंच और 1975 से 1980 तक उप-सरपंच के रूप में कार्य किया। इसके बाद 1994 से 1999 तक बैतूल जिला पंचायत के सदस्य रहे। अपनी मेहनत और जनसमर्थन के बल पर उन्होंने स्थानीय निकायों से निकलकर विधानसभा तक का सफर तय किया।
2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव रिकॉर्ड मतों से जीते थे
चैतराम मानेकर ने आमला (सुरक्षित) सीट से भाजपा के टिकट पर लगातार दो बार शानदार जीत दर्ज की थी। वे 2008 और 2013 के विधानसभा चुनाव रिकॉर्ड मतों से जीते थे। वर्ष 2008 के चुनाव में उन्होंने 30,546 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की, जबकि 2013 के चुनाव में अपनी जीत का दायरा और बढ़ाते हुए 39,602 मतों के ऐतिहासिक अंतर से विजय प्राप्त की थी। उनका यह कार्यकाल 2008 से 2018 तक पूरे दस वर्षों का रहा।
जिला भाजपा कार्यालय में दी गई श्रद्धांजलि
दिवंगत नेता का पार्थिव शरीर बैतूल लाए जाने के बाद अंतिम दर्शन के लिए जिला भाजपा कार्यालय ‘विजय भवन’ में रखा गया। यहां पार्टी नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के ध्वज में लपेटकर अंतिम विदाई दी।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद दुर्गादास उइके, जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार सहित कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया। सोमवार, 2 नवंबर को गंज मुक्तिधाम में राजकीय और सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके परिवार में तीन पुत्र और चार पुत्रियां हैं।