तेंदूए की मौत मामले में तीन हिरासत में:जहर देकर मारे जाने की आशंका, कुछ दूर पर मृत मिली थी बछिया
By, वामन पोटे - बैतूल वार्ता
तेंदूए की मौत मामले में तीन हिरासत में:जहर देकर मारे जाने की आशंका, कुछ दूर पर मृत मिली थी बछिया
बैतूल

बैतूल के चोपना इलाके में पिछले दोनों मिले तेंदुए का संदिग्ध शव मिलने के मामले में वन विकास निगम ने पूछताछ के लिए मंगलवार को तीन लोगों को हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, मामले में निगम का अमला तेंदुए की जहर से मौत के एंगल पर जांच कर रहा है। तेंदुए का शव परीक्षण कर बिसरा जांच के लिए भेजा गया है। जबकि मौके से कुछ दूर पर मृत पाई गई एक बछिया के शव की भी सैंपलिंग की गई है।
निगम के रामपुर भतोड़ी प्रोजेक्ट में बादलपुर क्षेत्र के प्रभारी रेंजर देवचंद पहाड़े ने बताया कि तेंदुए की लाश के मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में तेंदुए को जहर देकर मारे जाने की आशंका में संदेह के आधार पर सुभाष सेन, निरंजन वेद एवं एक अन्य को हिरासत में लिया गया है। जिनसे इस मामले में पूछताछ की जा रही है। डिप्टी रेंजर के मुताबिक जहां तेंदुए की लाश मिली थी। उससे कुछ दूरी पर एक बछिया का शव भी मिला था।

इससे आशंका है कि तेंदुए ने बछिया का शिकार किया होगा। संदेह है कि मृत बछिया पर जहर डालने की वजह से और उसका मांस खाने की वजह से तेंदुए की मौत हुई होगी। इसी शक के आधार पर पूछताछ की जा रही है। हालांकि तेंदुए के शरीर पर किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं पाई गई है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम करा कर उसका बिसरा फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। इस मामले में जांच के लिए सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच करेगी।
इधर पशु चिकित्सक डॉक्टर आर सिंह के मुताबिक तेंदुए का शव डिकॉम्पोज हो चुका था। यह लगभग 3 दिन पुराना था। इसके साथ ही कुछ दूरी पर एक बछिया मृत पाई गई थी। जिसके शव के भी सैंपल लिए गए हैं। ताकि अगर इसमें किसी तरह की कोई शरारत हो तो उसकी जानकारी मिल जाए। मौके के पास ही चावल भी पड़ा पाया गया है। जिसके भी सैंपल लिए गए हैं।