Madhya Pradesh Latest News

सबसे पहले महाकाल को बांधी राखी:भस्म आरती में पुजारी परिवार की महिलाओं ने अर्पित की, सवा लाख लड्‌डुओं का भोग लगाया

By, बैतूल वार्ता (वामन पोटे )

सबसे पहले महाकाल को बांधी राखी:भस्म आरती में पुजारी परिवार की महिलाओं ने अर्पित की, सवा लाख लड्‌डुओं का भोग लगाया

उज्जैन
भाई-बहन के स्नेह का पर्व रक्षाबंधन सबसे पहले महाकालेश्वर मंदिर में मनाया गया। अलसुबह तीन बजे मंदिर के पट खुलने के बाद भगवान महाकाल को जल अभिषेक के बाद पंचामृत अभिषेक पूजन किया गया। भस्म अर्पित कर भगवान का श्रृंगार किया गया। पुजारी परिवार की महिलाओं ने भगवान महाकाल को राखी बांधी।

मान्यता है कि हिन्दू रीति से मनाए जाने वाले सभी पर्व महाकाल मंदिर में सबसे पहले मनाए जाते हैं। महाकाल के दरबार में सबसे पहले ब्रह्म मुहूर्त में रक्षाबंधन पर्व की शुरुआत हुई। भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल को पूजा अर्चना कर राखी बांधी गई। इस दौरान महाकाल को सवा लाख लड्डू का भोग भी लगाया गया। लड्डू को प्रसाद के रूप में भक्तों में बांटा गया।

भद्रा के कारण राखी का त्योहार रात को मनेगा, लेकिन महाकालेश्वर मंदिर में तड़के 4 बजे भगवान महाकाल को राखी अर्पित की गई। दरअसल, पुजारी परिवार की महिलाएं राखी बांधती हैं। भगवान को चढ़ने वाली राखी को शुद्धता का ख्याल रखकर घर में बनाया जाता है। पुजारी परिवार की 8 महिलाओं ने मिलकर भगवान महाकाल की राखी तैयार की। रेशम के धागे, विशेष वस्त्र, स्पंज आभूषण की मदद से राखी बनाई गई है। करीब 2 फीट चौड़ी राखी को 10 दिन में तैयार कर भस्म आरती में भगवान को भाई के रूप में बांधी गई। इस दौरान अन्य भक्त भी अपने साथ राखी लेकर आए थे। उनके द्वारा लाई गई राखियां भी भगवान महाकाल को अर्पित की गई।

राखी पर सवा लाख लड्डू का भोग

बुधवार को श्रावण पूर्णिमा रक्षाबंधन पर महाकालेश्वर मंदिर में पुजारी परिवार द्वारा बाबा महाकाल को लड्डुओं का महाभोग लगाया गया। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इस बार भी भस्म आरती करने वाले पुजारी परिवार द्वारा राजाधिराज महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का भोग लगाया गया। भस्म आरती से रात शयन आरती तक महाकाल मंदिर दर्शन करने आने वाले भक्तों को लड्डू प्रसाद के रूप में दिए जाएंगे।

25 क्विंटल बेसन और 20 क्विंटल शुद्ध घी से बनाए लड्‌डू

सवा लाख लड्डुओं को महाकाल मंदिर के प्रोटोकॉल ऑफिस के पास बने हॉल में तैयार किए गए। इसमें 45 लोगों की टीम ने इन लड्‌डुओं काे तैयार किया। इंदौर के बाबू हलवाई ने बताया कि सवा लाख लड्डुओं के लिए 25 क्विंटल बेसन, 25 क्विंटल शक्कर, 20 क्विंटल शुद्ध घी, डेढ़ क्विंटल काजू, डेढ़ क्विंटल किशमिश, 50 किलो इलाइची का उपयोग कर तैयार किए गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.