रक्षाबंधन पर्व मनाने जा रहे दो युवकों की दुर्घटना में मौत, एक घायल
खंडवा!।= बुधवार दोपहर को बोरगांव चौकी अंतर्गत रुस्तमपुर के पास बाइक और कार की भीषण टक्कर के चलते दो लोगों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना में बाइक पर सवार 25 वर्षीय राजू पुत्र सिलदार, 21 वर्षीय संदीप पुत्र दौलत सिंह दोनों निवासी सत्तापुर की मौत हुई है। दोनों आपस में चाचा-भतीजे थे। जबकि घायल 24 वर्षीय जितेंद्र पुत्र ईमान सिंह मृतक राजू का भांजा था।उसका इलाज जारी है।
स्वजन ईमान सिंह ने बताया कि तीनों बाइक से रक्षा बंधन पर्व मनाने अपनी बहन आस्था के घर टिगरिया जा रहे थे।सत्तापुर से सुबह निकले थे, लेकिन रास्ता भटकने की वजह से पंधाना के बजाय रुस्तमपुर मार्ग पर चले गए वापस आने के दौरान कार से टक्कर हो गई।
इसमें कार भी क्षतिग्रस्त हो गई और बाइक क्रमांक एमपी 09 जेड-डी 6809 भी टक्कर की वजह से क्षतिग्रस्त हो गई।बोरगांव चौकी पुलिस द्वारा घटना स्थल पर पहुंचकर तीनों को जिला अस्पताल लाया गया।
शवों का पोस्टमार्टम कर शव स्वजनों को सौंप दिए गए हैं।दुर्घटना के बाद से कार चालक फरार है। बोरगांव चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।