मप्र में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए बनेगा कानून, 20000 रुपये तक मिलेगी सम्मान निधि
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पत्रकार कल्याण योजना में सामान्य बीमारी के उपचार के लिए जो राशि 20 हजार थी, उसकी जगह अब 40 हजार और गंभीर बीमारी के उपचार के लिए 50 हजार के स्थान पर एक लाख रुपये दिए जाएंगे।

65 से अधिक उम्र के पत्रकारों एवं उनकी पत्नी का पूरा प्रीमियम सरकार के द्वारा भरा जाएगा।
पत्रकारों को आवास ऋण ब्याज अनुदान योजना के अंतर्गत अधिकतम ऋण की सीमा 25 लाख रुपये से बढ़ाकर 30 लाख रुपये की जाएगी।
भोपाल के मालवीय नगर में नया एवं भव्य पत्रकार भवन बनाया जाएगा।
भोपाल।। राजधानी में गुरुवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने आवास पर पत्रकारों का सम्मेलन बुलाया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज ने पत्रकारों के हित में कई घोषणाएं कीं। भोपाल के मालवीय नगर में हमारा पत्रकार भवन था, जिसे तोड़ दिया गया था। हमने तय किया है कि उस जमीन पर फिर से नया एवं भव्य पत्रकार भवन बनाया जाएगा। साथ ही इस भवन को स्टेट मीडिया सेंटर का स्वरूप देने का काम भी किया जाएगा। पत्रकार सुरक्षा कानून बने, इसके लिए हम तत्काल एक कमेटी का गठन करेंगे, जिसमें सीनियर पत्रकार भी होंगे। यह कमेटी जो सुझाव देगी, उसके आधार पर कानून बनाया जाएगा।