अतिक्रमण से नाले हुए संकरे, वार्डों में पानी घुसने का डर
बैतूल।। बैतूल
एक ओर तेज बारिश का दौर जारी है, वहीं दूसरी ओर शहर में नाले के किनारों पर अतिक्रमण कर निर्माण कार्य करने से ड्रेनेज सिस्टम को खतरे में डालकर बाढ़ का खतरा पैदा कर दिया है। गंज में 12 फीट तक गहरे हाथी नाले में जहां कभी पानी निकासी की समस्या नहीं हुई। वहां भी अब ड्रेनेज सिस्टम में परेशानियां खड़ी होने लगी हैं। गुरुद्वारा रोड के हाथी नाले के पुल नीचे हाथी नाले का पानी जमीन के तल से 2 से 3 फीट तक आ रहा है। यदि किसी दिन लगातार बारिश हुई तो यह पानी पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, टैगोर वार्ड, समेत अन्य क्षेत्रों में घुसने का खतरा है।
दरअसल यहां नाले के दोनों ओर मकान बनते हुए नाले की जमीन तक आ गए हैं। यहां पर बमुश्किल 8 से 10 फीट चौड़ी जगह ही पानी निकलने के लिए है। ऐसे में तेज बारिश होने पर यहां से तेजी से पानी नहीं निकल पाता है और ऊपर की ओर भराने लगता है। इधर नपा सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि गंज क्षेत्र में मुआयना करके पानी निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम करवाए जाएंगे।