Madhya Pradesh Latest News

मुलताई में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: नाबालिगों के जरिए गांजा बिक्री की साजिश नाकाम

By,वामन पोटे

अमृत 2.0 योजना में गड़बड़ी के आरोप, 11.76 करोड़ के काम पर उठे सवाल

बैतूल, 29 अप्रैल ।। चिचोली नगर परिषद में संचालित अमृत 2.0 जल प्रदाय योजना एक बार फिर विवादों में है। करीब 11.76 करोड़ रुपये की इस योजना में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों की अनदेखी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। वार्ड क्रमांक 15 की पार्षद नेहा आर्य ने कलेक्टर को शिकायत सौंपकर ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।

शिकायत के अनुसार सड़क रेस्टोरेशन कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और तय मापदंडों का पालन नहीं हो रहा। कई जगहों पर सड़क खुदाई के बाद समुचित समतलीकरण नहीं किया गया, जबकि वाइब्रेट मशीन का इस्तेमाल भी नहीं हो रहा है। इससे भविष्य में सड़कें जल्दी खराब होने की आशंका जताई गई है। पिछले 8-10 महीनों से कई वार्डों में अधूरे कार्य पड़े हैं, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पार्षद ने आरोप लगाया कि योजना के तहत पाइपलाइन को टंकियों से जोड़ने के बजाय मनमाने तरीके से बोर से जोड़ा जा रहा है, जिससे तकनीकी खामियां उत्पन्न हो सकती हैं। वार्ड 9 में पेयजल टंकी के पास प्रस्तावित बाउंड्रीवाल और गेट का निर्माण भी नहीं किया गया है, जिससे सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि मार्च 2025 में हुई जांच में खामियां सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई और रिपोर्ट दबा दी गई। साथ ही, वार्ड 1 और 15 के बीच सीवरेज बहने वाली नाली के पास पाइपलाइन डालने से दूषित पानी की आपूर्ति का खतरा जताया गया है।

पार्षद ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मुलताई में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: नाबालिगों के जरिए गांजा बिक्री की साजिश नाकाम

बैतूल, 29 अप्रैल।। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों के माध्यम से गांजा बेचने की कोशिश को विफल कर दिया। यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मासोद रोड हाईवे ब्रिज के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति गांजा बेचने के इरादे से पहुंचे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में दोनों के नाबालिग होने की पुष्टि हुई। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1.408 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक पूछताछ में नाबालिगों ने खुलासा किया कि यह गांजा ग्राम गरवाहा निवासी किशन दरवाई ने बिक्री के लिए दिया था। पुलिस ने उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

इस मामले में थाना मुलताई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 और बीएनएस की धारा 95 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नाबालिगों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.