Madhya Pradesh Latest News

पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के बयान पर सियासत गरम: माफी की मांग, नहीं तो प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी,चिचंडा गांव में मकान में भीषण आग, दो लाख का नुकसान; दमकल ने एक घंटे में पाया काबू

By,वामन पोटे

पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के बयान पर सियासत गरम: माफी की मांग, नहीं तो प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी

बैतूल, 29 अप्रैल ।। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव ने धार्मिक मंचों से दिए जा रहे बयानों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बालाघाट दौरे से लौटते समय बैतूल में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जन्मभूमि है और इसे संविधान की धरती के रूप में पहचाना जाना चाहिए, न कि आडंबर और पाखंड के केंद्र के रूप में।

यादव ने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर प्रदेश की सामाजिक संरचना को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी इस तरह के कथित भ्रामक और भड़काऊ बयानों के खिलाफ प्रदेशव्यापी जागृति अभियान चला रही है, ताकि लोगों में जागरूकता लाई जा सके।

धीरेन्द्र शास्त्री के हालिया ‘चार बच्चे पैदा करने’ वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यादव ने कहा कि एक ओर ऐसे बयान दिए जा रहे हैं, जबकि दूसरी ओर उसी विचारधारा से जुड़े लोग अविवाहित रहने की सलाह देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज को जिम्मेदार और संतुलित संदेश देने की जरूरत है। देशहित के मुद्दों पर जोर देते हुए उन्होंने युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की बात कही।

इसके अलावा, छत्रपति महाराज को लेकर दिए गए कथित बयान पर भी यादव ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी गई, तो उनकी पार्टी पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि माफी नहीं मिलने की स्थिति में आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा।

यादव ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ साधु-संत एक विशेष राजनीतिक दल के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं और धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की बात कही।

राजनीतिक संदर्भ में उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर बात की गई थी, लेकिन अब धार्मिक मुद्दों को आगे कर मूल समस्याओं से ध्यान भटकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म के नाम पर ‘दुकानें’ चलाई जा रही हैं, जिन्हें बंद कराने के लिए उनकी पार्टी आंदोलन करेगी।

चिचंडा गांव में मकान में भीषण आग, दो लाख का नुकसान; दमकल ने एक घंटे में पाया काबू

बैतूल, 29 अप्रैल ।।मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के प्रभातपट्टन ब्लॉक अंतर्गत ग्राम चिचंडा में मंगलवार दोपहर एक मकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में लगभग दो लाख रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के अनुसार, मकान मालिक इमरतलाल सहाने का कच्चा-पक्का मकान दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग की चपेट में आ गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा अनाज, कपड़े, नगदी और जेवर सहित गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका मुलताई के दो दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का कार्य शुरू किया और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर 1 बजे तक आग पर नियंत्रण पा लिया। इस दौरान फायर कर्मी धनराज पावर, विजय बडघरे, सुमित पुरी, गिरीश पिपले और मनोज सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। उनकी मदद से घर में बंधी एक गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के अन्य मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे।

प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है तथा पीड़ित परिवार को सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.