Madhya Pradesh Latest News

शादी समारोह में बड़ा हादसा: डीजे वाहन भीड़ में घुसा, दूल्हा गंभीर घायल,नाबालिग के अपहरण व दुराचार का आरोपी गिरफ्तार, बालिका सुरक्षित बरामद

By,वामन पोटे

शादी समारोह में बड़ा हादसा: डीजे वाहन भीड़ में घुसा, दूल्हा गंभीर घायल
बैतूल, 30 अप्रैल ।। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में आयोजित मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह समारोह के दौरान गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक डीजे वाहन अनियंत्रित होकर बारातियों की भीड़ में घुस गया। इस घटना में दूल्हा समेत कई लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारात कार्यक्रम स्थल से निकल रही थी और इसी दौरान ढलान पर उतरते समय डीजे वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। आशंका जताई जा रही है कि वाहन का ब्रेक फेल हो गया या वह न्यूट्रल हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे भीड़ में जा घुसा।
इस हादसे में मुलताई क्षेत्र के भुवान खापा निवासी दूल्हा अनुल सरोदे (25) गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि वाहन का टायर उसके पेट के ऊपर से गुजर गया। वहीं, उसके चचेरे भाई राहुल (27) के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। एक अन्य बाराती को भी चोटें आई हैं।
घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बैतूल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
जनपद अध्यक्ष राहुल उइके ने कहा कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ब्रेक फेल होना प्रतीत हो रहा है। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि डीजे वाहन पहले से ही जर्जर हालत में था और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया।
हादसे के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और दुल्हन पक्ष को कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर वापस लौटना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस संबंध में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
Leave A Reply

Your email address will not be published.