Madhya Pradesh Latest News

बर्राढाना आगकांड: लायंस परिवार ने पीड़ितों तक पहुंचाई राहत, 24 परिवारों को वितरित की जरूरी सामग्री

By,वामन पोटे

बर्राढाना आगकांड: लायंस परिवार ने पीड़ितों तक पहुंचाई राहत, 24 परिवारों को वितरित की जरूरी सामग्री
बैतूल, 3 मई ।। जिले के भीमपुर ब्लॉक अंतर्गत आदिवासी गांव बर्राढाना  में हाल ही में हुई आगजनी की घटना के बाद राहत और सहायता का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में लायंस परिवार द्वारा प्रभावित 24 परिवारों को लगभग एक लाख रुपये मूल्य की आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
संस्था के सदस्यों ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों को ओढ़ने-बिछाने के कपड़े, पहनने के वस्त्र, खाना बनाने और खाने के बर्तन, आटा, चावल, दाल, तेल सहित गैस चूल्हे और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया। इस सहायता से आग से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिलने में मदद मिली है।
सेवा कार्य में लायन संदीप गुप्ता, लायन संगीता अवस्थी, परमजीत बग्गा, जितेंद्र कपूर, मोहन अग्रवाल, शिशिर चौधरी, अनिल दुबे और रविंद्र कौर बग्गा सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी जरूरतों को समझा और उसी अनुसार सामग्री वितरित की।
लायंस परिवार के सदस्यों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य जारी रहेंगे।
गांव के लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। आगजनी की इस घटना ने कई परिवारों को बेघर कर दिया था, ऐसे में सामाजिक संगठनों द्वारा दी जा रही मदद उनके लिए संबल साबित हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.