Madhya Pradesh Latest News

जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, शिकायतों का हो वास्तविक समाधान: कलेक्टर सोनवणे

By, वामन पोटे

जनहित के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, शिकायतों का हो वास्तविक समाधान: कलेक्टर सोनवणे
बैतूल, 1 जून ।। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनसामान्य की समस्याओं का निराकरण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों को वास्तविक राहत और समाधान मिले। सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समय-सीमा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों, शिकायतों और आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर बिजली योजना के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने जल संसाधन, शिक्षा और लोक निर्माण विभाग को शिकायतों के निराकरण में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पत्राचार करना समाधान नहीं माना जाएगा, बल्कि आवेदकों को वास्तविक लाभ पहुंचाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
खनिज और राजस्व विभाग को अवैध खनन के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसडीएम को किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने तथा गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
जर्जर स्कूल भवनों के संबंध में उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत अथवा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग को स्कूल भवनों के निर्माण, मरम्मत और शिफ्टिंग के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
बैठक में अनुकंपा नियुक्ति, वन अधिकार, पेंशन, पीएम राहत योजना और ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने भैंसदेही, चिचोली, आठनेर, भीमपुर और शाहपुर क्षेत्रों में ई-केवाईसी की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।
मानसून को देखते हुए आपदा प्रबंधन तैयारियों पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने सभी एसडीएम को संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने, पुल-पुलियों और रपटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने तथा आपातकालीन व्यवस्थाएं मजबूत करने के निर्देश दिए। बैठक में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड द्वारा आपदा प्रबंधन कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
Leave A Reply

Your email address will not be published.