सादगी और सामाजिक संदेश के साथ संपन्न हुआ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के पुत्र का विवाह, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की सराहना
By, वामन पोटे
फोटो सगाई कर्यक्रम बैतूल फरवरी
सादगी और सामाजिक संदेश के साथ संपन्न हुआ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के पुत्र का विवाह, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने की सराहना
बैतूल, 4 जुलाई ।। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के पुत्र वरहद खंडेलवाल का विवाह शुक्रवार को उदयपुर के एक होटल में आशी मिराणी के साथ पारिवारिक वातावरण में संपन्न हुआ। सीमित संख्या में परिजनों और आत्मीयजनों की उपस्थिति में आयोजित इस विवाह समारोह ने सादगी, भारतीय परंपरा और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया। समारोह में किसी प्रकार के सार्वजनिक निमंत्रण पत्र नहीं छपवाए गए और आयोजन को पूरी तरह पारिवारिक रखा गया।
वरहद खंडेलवाल, हेमंत खंडेलवाल और आरडी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की डायरेक्टर रितु खंडेलवाल के पुत्र हैं तथा भारती एग्रो क्लस्टर के डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं। उनका विवाह बैतूल के लैंडमार्क होटल के संचालक संजय मिराणी और ममता मिराणी की पुत्री आशी मिराणी के साथ वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। विवाह में सात फेरों के साथ दोनों ने वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की।
समारोह की सबसे विशेष बात इसका सादगीपूर्ण स्वरूप रहा। विवाह में केवल दोनों परिवारों के सदस्य और चुनिंदा आत्मीयजन शामिल हुए। आयोजन को अनावश्यक तामझाम और भीड़-भाड़ से दूर रखा गया। आयोजकों की ओर से किसी प्रकार का सार्वजनिक आमंत्रण नहीं दिया गया और विवाह को निजी पारिवारिक कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया गया। इस पहल को सामाजिक दृष्टि से भी सकारात्मक संदेश देने वाला माना जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो संदेश जारी कर नवदंपती को शुभकामनाएं दीं और विवाह समारोह की सादगी की विशेष रूप से सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडेलवाल परिवार के लिए यह अत्यंत हर्ष का अवसर है और उनके साथ पूरा प्रदेश भी इस खुशी में सहभागी है। उन्होंने नवविवाहित वरद और आशी को वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए बाबा महाकाल और भगवान श्रीकृष्ण से उनके सुखी, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति में विवाह सोलह संस्कारों में सबसे पवित्र संस्कार माना गया है। यह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और दो संस्कारों का मिलन होता है। उन्होंने कहा कि नवदंपती का जीवन स्नेह, विश्वास, संस्कार, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि से परिपूर्ण रहे तथा उनका दांपत्य जीवन आनंदमय हो।
डॉ. यादव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, उनकी पत्नी रितु खंडेलवाल और पूरे परिवार को भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सीमित संख्या में विवाह समारोह आयोजित करने का उनका निर्णय समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनकी स्वयं भी समारोह में शामिल होने की इच्छा थी, लेकिन सामाजिक संदेश को ध्यान में रखते हुए ऐसा निर्णय लिया गया, जो भविष्य के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समय, धन और संसाधनों की बचत करते हैं तथा समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि सादगीपूर्ण विवाह की यह पहल सामाजिक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे अन्य परिवार भी प्रेरणा ले सकते हैं।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने भी इस विवाह को भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का सुंदर उदाहरण बताया। उनका कहना है कि वर्तमान समय में जहां विवाह समारोहों में अत्यधिक खर्च और दिखावा सामान्य होता जा रहा है, वहीं इस प्रकार का सीमित और सादगीपूर्ण आयोजन समाज को नई दिशा देने वाला है।
विवाह समारोह में सभी वैदिक परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों का पालन किया गया। पारिवारिक माहौल में संपन्न हुए इस आयोजन में आत्मीयता और संस्कार प्रमुख रूप से दिखाई दिए। उपस्थित लोगों ने नवदंपती को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।
राजनीतिक हलकों में भी इस विवाह की चर्चा सादगीपूर्ण आयोजन और मुख्यमंत्री के विशेष संदेश को लेकर रही। सामाजिक दृष्टि से भी इसे एक ऐसे आयोजन के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें भारतीय परंपरा के साथ सामाजिक उत्तरदायित्व का संतुलित स्वरूप सामने आया। सीमित अतिथियों की मौजूदगी में संपन्न यह विवाह समारोह न केवल पारिवारिक गरिमा का प्रतीक बना, बल्कि समाज के लिए सादगी, संस्कार और सकारात्मक सोच का संदेश देने वाला आयोजन भी साबित हुआ।
फोटो सगाई कर्यक्रम बैतूल फरवरी