बैतूल में कारगिल चौक पर झंडा विवाद, भाजपा नेता से मारपीट, कांग्रेस का थाने में धरना

बैतूल जिले में कारगिल चौक पर कांग्रेस का झंडा लगाने को लेकर बड़ा विवाद हो गया. भाजपा नेता सतीश बड़ोनिया ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है, वहीं कांग्रेस ने भी धरना दिया है
बैतूल. शहर के कारगिल चौक पर कांग्रेस का झंडा लगाने और निकाल कर फेंक देने से बड़ा विवाद हो गया है. भाजपा नेता सतीश बड़ोनिया ने जब शहीद स्मारक पर कांग्रेस का झंडा लगाने पर आपत्ति जताई तो उनकी कांग्रेस नेताओं से कहासुनी के बाद मारपीट हो गई. बड़ोनिया का आरोप है कि कांग्रेस पार्षद उमाशंकर दीवान और नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. उन्होंने भाजपा नेताओं की मौजूदगी में कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है. दूसरी ओर कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नेता ने कारगिल स्मारक पर लगे झंडे और तिरंगे का अपमान किया है. इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो घंटे तक थाने में धरना दिया. फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है.
बैतूल में सोमवार को कारगिल चौक पर कांग्रेस का झंडा लगाने को लेकर माहौल गरमा गया. भाजपा नेता सतीश बड़ोनिया ने आपत्ति जताते हुए कहा कि कारगिल चौक शहीद स्मारक स्थल है और यह शासकीय जमीन है, यहां बिना अनुमति झंडा नहीं लगा सकते. इस बात पर उनकी कांग्रेस पार्षद उमाशंकर दीवान और नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोनू बड़ोनिया से कहासुनी हो गई.
भाजपा नेता ने लगाया मारपीट का आरोप
फरियादी सतीश बड़ोनिया ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान कांग्रेस पार्षद उमाशंकर ने मारपीट की. दोनों कांग्रेस नेताओं ने धमकी दी कि झंडा लगाने से मना किया तो जान से मार देंगे. घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद और विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे कोतवाली पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई.
बैतूल जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा समेत कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाने पर हंगामा किया.
कांग्रेस ने थाने में दिया धरना-प्रदर्शन, आंदोलन की चेतावनी
दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा नेता ने कारगिल स्मारक पर लगे कांग्रेस झंडे के साथ तिरंगे को भी नीचे फेंक दिया, जो राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है. इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता थाने पहुंचे और करीब दो घंटे तक धरना दिया. कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग की और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी से फोन पर बातचीत करवाई. पटवारी ने चेतावनी दी कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा. पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जांच पूरी होने तक कार्रवाई रोक दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने जांच का भरोसा दिलाया तो कांग्रेसियों ने धरना खत्म किया.
पुलिस ने दर्ज की FIR, CCTV खंगाले जा रहे
बैतूल कोतवाली पुलिस ने भाजपा नेता की शिकायत पर कांग्रेस नेता उमाशंकर और मोनू बड़ोनिया पर मारपीट और धमकी देने का मामला दर्ज किया है. वहीं, तिरंगे के कथित अपमान को लेकर अज्ञात पर FIR दर्ज की गई है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और कहा है कि जांच पूरी होने तक किसी भी पक्ष पर कार्रवाई नहीं होगी.
Comments are closed.