Madhya Pradesh Latest News

अंत्येष्टि सहायता में देरी पर सचिव पर कार्रवाई के निर्देश,चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं,पंचायत के आय-व्यय की जांच होगी

By, वामन पोटे

1. अंत्येष्टि सहायता में देरी पर सचिव पर कार्रवाई के निर्देश
बैतूल, 11 सितंबर। शाहपुर के तारा गांव में अंत्येष्टि सहायता की राशि एक साल से लंबित मिलने पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने नाराजगी जताई। उन्होंने सचिव को तत्काल पांच हजार रुपये दिलाने और शेष राशि शीघ्र देने के निर्देश दिए। देरी की राशि ब्याज सहित सचिव के वेतन से वसूलकर प्रभावित को देने तथा दो वेतन वृद्धि रोकने और हटाने के निर्देश दिए।
2. चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
बैतूल, 11 सितंबर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे ने शाहपुर के आवरियां और तारा में चौपाल लगाई। ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पानी और अन्य समस्याएं बताईं। कलेक्टर ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
3. पंचायत के आय-व्यय की जांच होगी
बैतूल, 11 सितंबर। तारा गांव में ग्रामीणों ने पंचायत के आय-व्यय और विकास कार्यों का हिसाब उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत की। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सामाजिक अंकेक्षण दल गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। पंचायत अभिलेखों और विकास कार्यों की नियमानुसार जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
4. सड़क और पुल निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश
बैतूल, 11 सितंबर। तारा गांव में ग्रामीणों ने बागला-हरदू मार्ग तक सड़क निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने पंचायत को आकलन कर प्राक्कलन तैयार करने और शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। मोरांड नदी पर पुल निर्माण की मांग पर उन्होंने बताया कि इसका प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है।
5. लंबित प्रकरणों के लिए कैंप लगाने के निर्देश
बैतूल, 11 सितंबर। ग्राम आवरियां में पेंशन, किसान सम्मान निधि, फौती नामांतरण और फार्मर रजिस्ट्री के मामले लंबित मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में शिविर लगाकर प्रकरणों का निराकरण करने को कहा। एम-राशन मित्र और समग्र अद्यतन में लापरवाही पर रोजगार सहायक को सेवा समाप्ति नोटिस देने के निर्देश दिए।
6. बिजली और खाद्यान्न की शिकायतों के निराकरण के निर्देश
बैतूल, 11 सितंबर। ग्राम तारा में ग्रामीणों ने बिजली और खाद्यान्न वितरण से जुड़ी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं। कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों को तत्काल शिकायतों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से खाद्यान्न पर्ची के लिए ई-केवाईसी कराने की अपील की, ताकि राशन प्राप्त करने में परेशानी नहीं हो।
7. स्व-सहायता समूह की महिलाओं की गतिविधियां देखीं
बैतूल, 11 सितंबर। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे और मंगल सिंह धुर्वे ने तारा गांव में संतोषी स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित सिलाई एवं वस्त्र केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने महिलाओं से आजीविका गतिविधियों की जानकारी ली। महिलाओं की सुविधा के लिए आजीविका भवन उपलब्ध कराने के संबंध में जिला ग्रामीण आजीविका मिशन के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
8. आंगनवाड़ी में बच्चों के भोजन की गुणवत्ता परखी
बैतूल, 11 सितंबर। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने आवरियां के आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता स्वयं भोजन चखकर परखी। कलेक्टर ने कार्यकर्ता और पर्यवेक्षक को निर्धारित मेन्यू के अनुसार प्रतिदिन गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की सख्त हिदायत दी।
9. विद्यार्थियों से सवाल पूछकर शैक्षणिक गुणवत्ता परखी
बैतूल, 11 सितंबर। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने तारा के शासकीय हाईस्कूल में विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने सामान्य ज्ञान और स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्न पूछे। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। प्रभारी प्राचार्य को शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और स्मार्ट टीवी तथा डिजिटल सामग्री का प्रभावी उपयोग कर विद्यार्थियों की विषयवार समझ विकसित करने के निर्देश दिए।
10. छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने प्रेरित किया
बैतूल, 11 सितंबर। तारा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय और हाईस्कूल में कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे ने छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, भविष्य की तैयारी और लक्ष्य के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने ओलंपियाड तथा राष्ट्रीय मेरिट-कम-मीन्स छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी पर चर्चा करते हुए नियमित अध्ययन, मेहनत और लगन से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
11. जिला न्यायालय में नेशनल लोक अदालत आज
बैतूल, 11 सितंबर। जिला न्यायालय परिसर बैतूल में 12 सितंबर को नेशनल लोक अदालत आयोजित होगी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर आयोजित अदालत का शुभारंभ सुबह 10.30 बजे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश चन्द्र धपलियाल करेंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से लंबित मामलों के निराकरण का लाभ लेने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.