कांग्रेस में गुट बाजी चरम पर ,प्रदेश अध्यक्ष पटवारी से मिला नाराज कांग्रेसियों का एक गुट
By, वामन पोटे
कांग्रेस में गुट बाजी चरम पर
सोनाघाटी में कांग्रेसियों ने प्रदेश अध्यक्ष का किया स्वागत
बैतूल। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का छिंदवाड़ा जाते समय बैतूल में कांग्रेसियों और ओबीसी संगठनों ने सोनाघाटी में स्वागत किया। यहां पर स्वागत के दौरान कांग्रेसियों की नाराजगी भी सामने आई। कांग्रेसियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से यह सवाल सीधे पूछा कि क्या कारण है कि बैतूल में राहुल गांधी के ओबीसी मिशन की हत्या हो गई है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कहा कि जब राहुल गांधी कहते हैं कि जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी तो फिर क्या कारण है कि बैतूल में किसी ओबीसी, आदिवासी या दलित वर्ग के व्यक्ति को नेतृत्व नहीं दिया गया। इन कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि बैतूल में सबसे बड़ा वर्ग ओबीसी है। इसकी अनदेखी करना आगामी समय में कांग्रेस के लिए नुकसान दायक होगी। वहीं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से यह भी सवाल किया कि राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जो जिला अध्यक्ष बनेगा, वह या उसके परिजन विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी के लिए ही काम करेंगे। क्या राहुल गांधी की इस बात का परिपालन होगा या फिर बैतूल में ओबीसी वर्ग से इस मामले में भी धोखा हो जाएगा। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को जीतू पटवारी ने समझाने का भरकस प्रयास किया। यहां पर लगभग तीन सैकड़ा से ज्यादा कांग्रेसी और ओबीसी समाज संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे। सबका बस एक ही कहना था कि आखिर क्या कारण है कि राहुल गांधी के ओबीसी कंसेप्ट को बैतूल जिले में ताक पर रख दिया गया है। जिस संख्या में और जिस तरह से कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अपनी बात रखी, उससे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को यह तो समझ आ गया कि बैतूल जिले में कांग्रेसी और ओबीसी वर्ग में कहीं न कहीं नाराजगी फैल गई है। इसके अलावा सोनाघाटी में स्वागत करने वालों में पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष हेमंत वागद्रे, अरूण गोठी, रामू टेकाम, नवनीत मालवीय, सोनू पाल, राजू गावंडे, राजा सोनी, नितिन देशमुख, मिथलेश राजपूत, सरफराज खान, रवि धोटे, अभिषेक पवार, मंगू सोनी, सेंटी वाघमारे, बंटी कापसे, हेमंत पगारिया, प्रतीक देशमुख आदि भी प्रमुख रूप शामिल रहे।
यह भी पढ़ें
Comments are closed.