बुजुर्ग महिला को मिली आर्थिक सहायता, अवैध कब्जे हटाने के दिए निर्देश,कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
By,वामन पोटे
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं
—-
बुजुर्ग महिला को मिली आर्थिक सहायता, अवैध कब्जे हटाने के दिए निर्देश
—
बैतूल 25 फरवरी 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह द्वारा अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही कर दिया गया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशील रुख अपनाते हुए निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में 89 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री निश्चल एन झारिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन, एडीएम श्री राजीव नंदन श्रीवास्तव एवं अन्य अधिकारियों ने जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
पट्टा दिए जाने की मांग
जनसुनवाई में बैतूल मुख्यालय के शंकर वार्ड निवासी पार्वती आखंडे ने बही में नाम सुधरवाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने तहसीलदार को प्रकरण का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम शिरडी निवासी बुजुर्ग महिला बेबी बेवा उदया ने आर्थिक सहायता राशि दिलाए जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुलताई एसडीएम को भरण पोषण अधिनियम अंतर्गत बुजुर्ग महिला को सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए। मुलताई तहसील के ग्राम माथनी निवासी रामेश्वर सिंह ने पटेल चौक पर हुए अतिक्रमण को हटाए जाने की मांग की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने मुलताई तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। बैतूल निवासी कृष्णा मालवी ने आवेदन के माध्यम से पट्टा दिए जाने मांग की। जिस पर कलेक्टर ने तहसीलदार को नियमानुसार कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए।
गरीबी रेखा में नाम जोड़ने के दिए निर्देश
बैतूल तहसील के ग्राम जावरा निवासी कल्याणी रूपा चढोकार ने जनसुनवाई में आवेदन के माध्यम से बताया कि गरीबी रेखा में नाम जुड़वाने के लिए पूर्व में तहसीलदार बैतूल के समक्ष आवेदन किया था, लेकिन आज दिनांक तक गरीबी रेखा का कार्ड अप्राप्त है। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैतूल तहसीलदार को तत्काल आवेदिका का नाम गरीबी रेखा में जोड़े जाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में खखरा जामठी के रहवासियों ने नल-जल, सडक, नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं देने की मांग की। प्राप्त आवेदन पर जिला पंचायत सीईओ श्री अक्षत जैन ने राजस्व विभाग के संबंधित अधिकारियों को प्रकरण का निराकरण किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने चयनित विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
—-
भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण यात्रा के लिए 16 छात्रों का दल रवाना
—
बैतूल 25 फरवरी 2025
कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में शैक्षणिक भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत मंगलवार को 16 विद्यार्थियों का दल भोपाल के लिए रवाना हुआ है। इस अवसर पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने विद्यार्थियों से कलेक्ट्रेट कार्यालय में भेंट की और उनका उत्साह वर्धन किया।
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती शिल्पा जैन ने बताया कि शासकीय विद्यालयों की कक्षा 10वी बोर्ड परीक्षा में अपने वर्ग में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों का दल 25 फरवरी से 3 मार्च 2025 तक शैक्षणिक भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत भ्रमण पर रहेगा। नेतृत्व विकास योजना अंतर्गत बैतूल जिले के 7 आदिवासी विकास खंड एवं जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 8 बालक, 8 बालिका एवं जिले के अनुसूचित जाति की 01 बालिका एवं 01 बालक का चयन किया गया है। कुल 18 छात्र-छात्राओं में से 16 छात्रों को नेतृत्व गुण विकसित करने, मनोबल बढ़ाने तथा देश की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के लिये शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के लिए भोपाल रवाना किया है। बच्चों को भोपाल से दिल्ली इंडिया गेट, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक नेहरू प्लेनेटेरियम, राष्ट्रीय पुलिस मेमोरियल, राजघाट, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय, इंदिरा गांधी अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा एवं अन्य पर्यटन स्थल एवं आगरा किला साउंड, लाइट शो, ताजमहल के बाद आगरा का भ्रमण करवाया जाएगा। इसके बाद यहां से विद्यार्थी भोपाल के लिए रवाना होंगे।
जिले में हायर सेकेंडरी स्कूल कक्षा 12वी की परीक्षा प्रारंभ
—-
14 हजार 454 विद्यार्थियों ने दी हिंदी विषय की परीक्षा
—
उड़न दस्तों ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
—
बैतूल 25 फरवरी 2025
जिले में हायर सेकेंडरी स्कूल कक्षा 12वीं की परीक्षा मंगलवार से प्रारंभ हो गई है। जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल सिंह कुशवाहा ने बताया कि जिले में हायर सेकेंडरी परीक्षा के लिए 110 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षा के पहले दिन हिंदी विषय का प्रश्न पत्र आयोजित हुआ। परीक्षा में 14 हजार 869 परीक्षार्थियों को सम्मिलित होना था, जिनमें से 415 परीक्षार्थियों के अनुपस्थित रहने से 14 हजार 454 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। परीक्षा केंद्रों पर जिला स्तर पर गठित उड़ान दस्ता द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान एक भी नकल प्रकरण पंजीबद्ध नहीं हुए। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 27 फरवरी 2025 को हिंदी विषय के प्रश्न पत्र के साथ हाई स्कूल प्रमाण पत्र परीक्षा कक्षा 10वीं की परीक्षा आरंभ होगी।
कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षत जैन के निर्देशन में परीक्षा हेतु सभी तैयारियां पूर्ण की गई हैं। अनुचित साधनों की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाए जाने हेतु विकासखंड, तहसील, अनुभाग एवं जिला स्तर पर विभिन्न उड़न दस्तों का गठन किया गया है। जिला स्तरीय उड़न दस्तों द्वारा कक्षा 12वीं के हिंदी विषय के प्रश्न पत्र में परीक्षा केंद्र भड़ूस, खेड़ी सावलीगढ़, उत्कृष्ट भीमपुर, बिसनूर, आठनेर, एनखेड़ा, साईं खेड़ा, बरखेड़, पारडसिंगा, दुनावा एवं चिखलीकला केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इसी प्रकार विकासखंड, तहसील, अनुभाग स्तरीय उड़न दस्तों द्वारा भी सघनता पूर्वक केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनुचित साधन अपनाये जाने संबंधी कोई प्रकरण पंजीबद्ध नहीं हुआ।
सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी देने वालों पर होगा प्रकरण दर्ज
सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी देने वालों के विरुद्ध राज्य स्तर से प्रकरण पंजीबद्ध किये जाने हेतु आदेश जारी किए गए हैं। परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे इस प्रकार के ग्रुप में सम्मिलित न हों। इसके पहले परीक्षा की पूर्व संध्या पर कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षत जैन, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ.अनिल कुशवाहा, परीक्षा प्रभारी श्री सुबोध शर्मा द्वारा परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए परीक्षा के दिनों में शांत चित्त से अध्ययन करने, पर्याप्त नींद लेने, संयमित आहार लेने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने की हिदायत दी गई। साथ ही परीक्षा से संबद्ध प्रत्येक कर्मचारी, लोक सेवक, शिक्षक साथियों को भी अपने दायित्वों का सजगता पूर्वक निर्वहन किए जाने हेतु हिदायत दी गई है।
अवकाश दिवसों में खुले रहेंगे पंजीयन कार्यालय
—
बैतूल 25 फरवरी 2025
जिला पंजीयक ने बताया कि मार्च माह के अवकाश दिवसों में जिले में पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे। माह मार्च शासन के राजस्व की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। जनसामान्य को दस्तावेजों के पंजीयन कार्य में अधिक सुविधा देने एवं शासन के राजस्व को दृष्टिगत रखते हुए मार्च 2025 में होली अवकाश 14 मार्च 2025 को छोड़कर शेष समस्त सार्वजनिक अवकाश दिवसों प्रत्येक शनिवार व रविवार में समस्त वरिष्ठ जिला पंजीयक, जिला पंजीयक एवं उप पंजीयक कार्यालय शासकीय एवं पंजीयन कार्य के लिए खुले रहेंगे। जिला पंजीयक ने सार्वजनिक अवकाश दिवसों में परिक्षेत्रीय उप महानिरीक्षक पंजीयन अपने परिक्षेत्र अंतर्गत समस्त पंजीयन कार्यालयों को खोला जाना सुनिश्चित करें।
Comments are closed.