Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें,अवैध नलकूप खनन पर प्रशासन की  कार्यवाही

By,वामन पोटे

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें

अवैध नलकूप खनन पर प्रशासन की  कार्यवाही

—-

रात में की गई दबिश में जब्त हुई बोरिंग मशीन

—- 

बैतूल 04 मई 2025
जिले में अवैध नलकूप खनन पर जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार चिचोली विकासखंड के ग्राम चूना गोसाई में शनिवार देर रात्रि 12:30 बजे संयुक्त कार्रवाई की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसीलदार चिचोली तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के एसडीओ द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम चूना गोसाई के समीप स्थित ग्राम ठुमका रैयत में खेत में एक बोरिंग मशीन अवैध रूप से खड़ी पाई गई। मशीन के संचालन संबंधी कोई वैध अनुमति दस्तावेज नहीं प्रस्तुत किए गए। पेयजल परिरक्षण अधिनियम के तहत अवैध खनन को गंभीर अपराध मानते हुए तहसीलदार शाहपुर द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए मशीन को जप्त कर लिया गया और उसे बीजादेही थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
 

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नवांकुर संस्था ने श्रमदान कर की अर्जुन कुंड की सफाई

—- 

बैतूल 04 मई 2025
जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष श्री मोहन नगर के नेतृत्व में मप्र जन अभियान परिषद शाहपुर ब्लॉक द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम शाहपुर स्थित 100 वर्ष पुराने प्राकृतिक देवड़ा देव अर्जुन कुंड में श्रमदान कर साफ सफाई की गई। इस सामूहिक प्रयास के माध्यम से वर्षों पुराने इस ऐतिहासिक जलस्रोत को स्वच्छ एवं पुनः उपयोगी स्वरूप प्रदान किया गया। इस अभियान में स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ समाजसेवियों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रमदान के माध्यम से न केवल कुंड की सफाई की गई, बल्कि उसके आसपास के क्षेत्र को भी व्यवस्थित और स्वच्छ बनाया गया।
अभियान में जिला समन्वयक प्रिया चौधरी, नगर परिषद अध्यक्ष विक्की नायक सहित शाहपुर की नवांकुर संस्थान जय गुरुदेव उत्थान संस्था, सुमन जागृति संस्था, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति आवरिया के प्रतिनिधि, परामर्शदाताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी ने जलगंगा संवर्धन अभियान अन्तर्गत जल संरक्षण की शपथ भी ली। इसके अलावा माचना नदी बचाओ अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक श्रमदान कर माचना नदी के दईयत बाबा घाट पर सफाई कर स्वच्छता और नदी संरक्षण का संदेश दिया। अभियान में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद बैतूल की नवांकुर संस्था प्रत्याशा महिला एवं बाल उत्थान समिति, नगर पालिका परिषद बैतूल, पार्षद, मां शारदा सेवा समिति, जिला प्रशासन एवं जन अभियान परिषद के मेंटर्स एवं जिले के अन्य संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर जलकुम्भी को हटाने के लिए सक्रिय प्रयास किया।

Comments are closed.