Madhya Pradesh Latest News

जनसंपर्क अधिकारी बैतूल ने जारी की सरकारी खबरें

By,वामन पोटे

नेशनल लोक अदालत 10 मई को

—–

नेशनल लोक अदालत के लिए 27 खण्डपीठो का किया गठन

—- 

1 बैतूल 07 मई 2025
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार  10 मई  को जिला मुख्यालय बैतूल एवं तहसील न्यायालय मुलताई, भैंसदेही, आमला में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसके अंतर्गत न्यायालयों में लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों का अधिक से अधिक संख्या में निराकरण किया जाएगा। उक्त लोक अदालत के माध्यम से प्रकरणों के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय बैतूल एवं तहसील स्तर मुलताई, भैंसदेही एवं आमला पर लगभग 749 प्रकरणों को लोक अदालत के माध्यम से निराकरण के लिए रेफर किए गए है, जिसके लिए 27 खण्डपीठों का गठन किया गया है। लोक अदालत के माध्यम से प्रकरण का निराकरण होने पर कोर्ट फीस की पूर्ण वापसी हो जाती है। न्यायालय प्रक्रिया में लगने वाले समय एवं धन की बचत तथा आपसी कटुता का अंत हो जाता है। नगरपालिका, नगरपरिषद द्वारा सम्पत्तिकर एवं जलकर के प्रकरणों में अधिभार में नियमानुसार छूट दी जा रही है। मप्र नगर पालिका निगम अधिनियम, 1956 की धारा 162 व 163 तथा म.प्र. नगर पालिका अधिनियम की धारा 130, 131 तथा 132 में निहित शक्तियों को उपयोग में लाते हुए राज्य शासन द्वारा सम्पत्ति कर अधिभार (सरचार्ज) जल उपभोक्ता प्रभार में नियमानुसार छूट दी जा रही है।

गांव-गांव में जल संरक्षण की अलख जगा रही नवांकुर संस्थाएं

दीवार लेखन के माध्यम से जल बचाओ का दे रहे संदेश

—- 

2 बैतूल 07 मई 2025

कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। आठनेर विकासखंड में जल संरक्षण को लेकर नवांकुर संस्थाओं द्वारा चलाया जा रहा जन-जागरूकता अभियान अब जन-आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत गांव-गांव में दीवार लेखन, संगोष्ठियां एवं स्वच्छता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण का महत्व समझाया जा रहा है।
जल प्रहरी एवं गंगावतरण अभियान के संयोजक जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर राज्यमंत्री दर्जा के मार्गदर्शन में यह अभियान निरंतर गतिशील है। विकासखंड समन्वयक श्रीमती मधु चौहान ने जानकारी दी कि आठनेर विकासखंड की नवांकुर संस्थाएं जल संरक्षण को लेकर समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं। इसी कड़ी में ग्राम सावंगी में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति सावंगी द्वारा प्रभावशाली दीवार लेखन किया गया। उन्होंने बताया कि जल संकट एक गंभीर समस्या है, यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में स्थिति और भयावह हो सकती है। जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने बताया कि जल गंगा सम्वर्धन अभियान के माध्यम से  हमारा लक्ष्य है कि हर गांव जल संरक्षण में आत्मनिर्भर बने अतएव इस अभियान के अंतर्गत जल संगोष्ठियों का आयोजन, जल स्रोतों की सफाई एवं नदी-तालाबों की स्वच्छता जैसे कार्य भी किए जा रहे हैं, जिनमें ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

95.4 प्रतिशत रहा सांदीपनि विद्यालय बैतूल बाजार का परीक्षा परिणाम

—- 

3 बैतूल 07 मई 2025
बैतूल बाजार स्थित सांदीपनी विद्यालय शा.कृ.उ.मा.वि. ने इस वर्ष भी उत्कृष्टता की ओर अपने कदम बढ़ाते हुए बोर्ड परीक्षाओं में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। विद्यालय लगातार शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार कर रहा है। हाई स्कूल परीक्षा परिणाम इस वर्ष 95.4 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है। कक्षा दसवीं के परिणाम में कुल 65 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। छात्र धनंजय मालवीय ने 500 में से 481 अंक प्राप्त करते हुए 96.2 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं अथर्व वर्मा और आदर्श निर्मले ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया।
बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में भी विद्यालय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गणित और कृषि संकाय में शत-प्रतिशत सफलता रही। जीव विज्ञान संकाय का परीक्षा परिणाम 96.6 प्रतिशत और कला संकाय का परिणाम 82 प्रतिशत रहा। कृषि संकाय में छात्र प्रवीण पेरे ने 91.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कला संकाय में कु. तृप्ति मालवीय ने 90 प्रतिशत अंक, गणित संकाय में कु. श्वेता चढ़ोकार ने 88.8 प्रतिशत अंक और जीव विज्ञान संकाय में कु. साक्षी कामतकर ने 76.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने-अपने संकाय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के उत्तरोत्तर बढ़ते परीक्षा परिणाम और विद्यार्थियों की मेहनत पर जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाह ने प्राचार्य डॉ. साधना हेण्ड, समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों को बधाई दी हैं। विद्यालय की इस सफलता ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

Comments are closed.