Madhya Pradesh Latest News

3 ग्राम पंचायत सचिव निलंबित जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही —- 8 ग्राम पंचायत सचिव एवं 5 ग्राम रोजगार सहायकों को दिए नोटिस

By,वामन पोटे

3 ग्राम पंचायत सचिव निलंबित

जल गंगा संवर्धन अभियान के क्रियान्वयन में लापरवाही
—-

8 ग्राम पंचायत सचिव एवं 5 ग्राम रोजगार सहायकों को दिए नोटिस

——

बैतूल 06 जून 2025

जिले में 30 मार्च 2025 से 30 जून 2025 जल गंगा संवर्धन अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा हैं। उक्त अभियान मप्र शासन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान हैं। अभियान को प्रारंभ हुए दो माह से अधिक का समय व्यतीत हो चुका हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत बैतूल श्री अक्षत जैन द्वारा 2 जून 2025 को अभियान की प्रगति की ग्राम पंचायतवार विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा में पाया गया कि ग्राम पंचायत नांदपुर जनपद पंचायत आमला एवं ग्राम पंचायत दामजीपुरा जनपद पंचायत भीमपुर तथा ग्राम पंचायत नसीराबाद जनपद पंचायत चिचोली में स्वीकृत नवीन खेत तालाब एवं डगवेल रिचार्ज तथा पुराने एनआरएम कार्यो को समय सीमा में पूर्ण कराने में संबधित ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा कोई रूचि नहीं ली गई। इन ग्राम पंचायतों में नवीन खेत तालाब तथा डगवेल रिजार्च कार्य स्वीकृत हुए एक माह से अधिक का समय व्यतीत होने के बाद भी आज दिनांक तक इन कार्यो पर अत्यंत न्यून व्यय भारित होना इन ग्राम पंचायत सचिवों की लापरवाही को दर्शाता हैं। पुराने लंबित एनआरएम कार्यो को पूर्ण करने भी इन सचिवों द्वारा कोई प्रयास नहीं किये गये।
विगत 02 माह से अधिक समय से समय समय पर निर्देशित किये जाने के बावजूद इनके कार्य में कोई सुधार परिलक्षित नहीं होने के कारण मुख्य कार्यपालन अघिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन द्वारा ग्राम पंचायत नांदपुर सचिव श्री गुलाबराव पंडाग्रे  ग्राम पंचायत दामजीपुरा सचिव श्री हेमराज घोरसे एवं ग्राम पंचायत नसीराबाद सचिव श्री रामाधार यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। उपरोक्त के अतिरिक्त असंतोषजनक प्रगति के कारण जनपद पंचायत चिचोली की ग्राम पंचायत असाडी, कामठामाल जनपद पंचायत शाहपुर की ग्राम पंचायत ढुमका रैयत, केसिया, ढोढरामऊ जनपद पंचायत आमला की ग्राम पंचायत डंगारिया एवं ब्राम्हणवाडा तथा जनपद पंचायत प्रभात पट्टन की ग्राम पंचायत पचधार के सचिव तथा जनपद पंचायत चिचोली की ग्राम पंचायत नसीराबाद एवं असाडी के ग्राम रोजगार सहायक जनपद पंचायत शाहपुर की ग्राम पंचायत ढोढरामऊ के ग्राम रोजगार सहायक जनपद पंचायत आमला की ग्राम पंचायत नांदपुर के ग्राम रोजगार सहायक तथा जनपद पंचायत प्रभात पट्टन की ग्राम पंचायत अमरावतीघाट के ग्राम रोजगार सहायको को भी नोटिस जारी किये गये हैं। यदि आगामी एक सप्ताह में इनके कार्य में पर्याप्त प्रगति नहीं आती है तो इनके विरूद्व अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।

जो प्रकृति पूर्वजों से पाई वही प्रकृति अगली पीढ़ी को देना हमारी जिम्मेदारी हैं: विधायक श्री हेमंत खण्डेलवाल

—-

जन अभियान परिषद में आयोजित किया बावड़ी उत्सव

——

बैतूल 06 जून 2025
मप्र जन अभियान परिषद द्वारा “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत बैतूल बाजार में  माता मंदिर स्थित बावड़ी का पूजन कर बावड़ी उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, श्री सुधाकर पंवार, श्री वर्मा, श्री संजय वर्मा उपस्थित रहे।
बावड़ी उत्सव सर्वप्रथम माता मंदिर एवं बावड़ी में अथितियों द्वारा पूजन-आरती, दीप प्रज्वलन कर किया गया। सम्पूर्ण बावड़ी में जन समुदाय द्वारा आकर्षक दीप-सज्जा एवं पुष्प सज्जा की गई। कार्यक्रम की रूपरेखा रखते हुए जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन के जनभागीदारी से जल स्त्रोतों को सहेजने के उत्सव “जल गंगा संवर्धन अभियान” अंतर्गत समुदाय के साथ परिषद ने अपनी बहुआयामी गतिविधियों के केन्द्र में इस वर्ष बावड़ी के प्रति संवेदना और संरक्षण को रखा है। परिषद की संवाद योजनान्तर्गत “बावड़ी उत्सव”  के माध्यम से लोक जीवन में पारंपरिक जल स्त्रोतों के महत्व और उनके संरक्षण के लिए जनभागीदारी की भावना प्रेरित है। इस दृष्टि से बावड़ी उत्सव गंगा दशहरा से 5 और 6 जून तक आयोजित किया जा रहा है।
विधायक श्री खण्डेलवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल गंगा सम्वर्धन अभियान जन अभियान परिषद के माध्यम से जनआंदोलन द्वारा जलसंरचनाओं को पुनर्जीवित करने का रूप ले चुका है।हम सभी पानी की महत्ता समझे और तभी हम अगली पीढ़ी को अच्छा संदेश दे पाएंगे। पुरानी जल संरचना को संरक्षित करे बड़ी बात है। जैसा पर्यावरण हमारे बुजुर्गों ने हमे दिया वैसा ही पर्यावरण हम आने वाली पीढ़ी को दे ये हमारी जिम्मेदारी हैं। श्री  सुधाकर पंवार ने भी बैतूल बाज़ार की बावडी के इतिहास को बताते हुए जल गंगा सम्वर्धन अभियान में सभी को जल सहेजने के कार्य मे समाज को भी आगे आने का आह्वान किया। अंत मे बुजुर्गों का सम्मान  विधायक श्री खंडेलवाल द्वारा पौधे और श्रीफल देकर किया गया। कार्यक्रम में जिला समन्यवक श्रीमती प्रिया चौधरी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी बैतूल बाजार श्री विजय तिवारी, मुख्यमंत्री समुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्रा, परामर्शदाता, नगर विकास प्रस्फुटन समिति  के सदस्य, नगरवासी, समाजसेवी श्रीमती ममता मालवी एवं पार्षदगण उपस्थित रहे।
क्रमांक/24/721/06/2025
 

शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था में जिला स्तरीय रोजगार मेला 13 जून को

——

बैतूल 06 जून 2025
जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई व जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बैतूल के संयुक्त तत्वावधान में 13 जून को शासकीय एकलव्य महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था कोसमी में प्रातः 11 से 4 बजे तक युवा संगम के तहत जिला स्तरीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा। जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि युवा संगम के तहत आयोजित होने वाले रोजगार मेले में 10 प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

रोजगार मेले में यह कंपनी रहेगी मौजूद

       जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि वर्धमान फैब्रिक्स प्राइवेट लिमिटेड बुधनी में मशीन ऑपरेटर के 100 पदों, कुलोदय टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड दमन गुजरात में मशीन ऑपरेटर और मशीन हेल्पर के 100 पदों, यशस्वी ग्रुप भोपाल में अप्रेंटिस के 20 पद तथा सिपेट भोपाल में मशीन ऑपरेटर और ट्रेनी के 187 पदों के लिए योग्यता आठवीं, 10वीं, 12वीं, आईटीआई होना अनिवार्य है। शक्ति मोटर्स मुलतापी प्राइवेट लिमिटेड मुलताई में सेल्स एग्जीक्यूटिव, सेल्स मैनेजर, मैकेनिक हेल्पर के 25 पदों के लिए योग्यता आठवीं से पोस्ट ग्रेजुएट, आईटीआई डिप्लोमा होना अनिवार्य है। जेके बायो एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड भोपाल में सेल्स एग्जीक्यूटिव के 20 पद, आरएफएमआई ग्रुप छिंदवाड़ा में सेल्स एग्जीक्यूटिव, फील्ड मैनेजर, डिजिटल मैनेजर, टेलीकॉलिंग मैनेजर, बिजनेस एनालिस्ट, डिजिटल ट्रेनर के 120 पदों तथा एलआईसी बैतूल में बीमा सखी के 20 पदों के लिए योग्यता 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएट होना  अनिवार्य है। इसी प्रकार क्वास कॉर्प पुणे में मशीन ऑपरेटर के 50 पदों के लिए योग्यता आईटीआई, डिप्लोमा, डिग्री होना अनिवार्य है। स्किल विजन ऑर्गेनाइजेशन पीथमपुर में ऑपरेटर, हेल्पर, मैकेनिकल के 100 पदों के लिए योग्यता 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा होना अनिवार्य है।

जिला अस्पताल के जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र में मनाया क्लब फुट डे

——

बैतूल 06 जून 2025
स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्लब फुट डे के अवसर पर जिला अस्पताल बैतूल के जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र में क्लब फुट जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार ने बताया कि मप्र में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत विश्व क्लब फुट (पैरों की जन्मजात विकलांगता) दिवस को जागरूकता माह के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिले को क्लब फुट रोग से मुक्त करने एवं जनजागरूकता लाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भागीदारी करने हेतु क्लब फुट से ग्रसित 6 बच्चों को लेकर अभिभावक पहुंचे, जिनके पैरों पर कासिंटग कराई गई, जिससे उन्हें पैरों की विकलांगता से मुक्ति मिल सकेगी और एक बच्चे को विशेष प्रकार के जूतों का वितरण भी किया गया। डीईआईसी मैनेजर श्री योगेन्द्र दवंडे ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन अनुष्का फाउंडेशन फॉर एलिमिलेटिंग क्लब फुट मुम्बई के सहयोग से किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.रूपेश पद्माकर, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश चंदेलकर द्वारा बच्चों का उपचार किया गया। इस अवसर पर जिला शीघ्र हस्तक्षेप केंद्र के स्पेशल एजुकेटर श्रीमती कविता मालवीय, श्री कमलेश कासलेकर, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ.शैलेन्द्र तायवाड़े, डॉ.सृष्टशिला नरवरे मौजूद रहे।

जिला अस्पताल बैतूल में 8 जून को होगा कैंसर जागरूकता एवं सुपर स्पेशलिटी शिविर का आयोजन

——

बैतूल 06 जून 2025
जिला चिकित्सालय बैतूल में कैंसर जागरूकता शिविर के आयोजन को लेकर शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश परिहार ने बताया कि 8 जून 2025 को जिला चिकित्सालय बैतूल में प्रातः 10 बजे से सांय 4 बजे तक कैंसर जागरूकता एवं सुपर स्पेशलिटी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ बैतूल विधायक श्री हेमन्त खंडेलवाल द्वारा किया जाएगा। शिविर में जिंदल हॉस्पिटल भोपाल से कैंसर सर्जन डॉ अमर जैन, कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ अभिषेक श्रीवास्तव, यूरोलॉजिस्ट डॉ शशांक सिंह, ह्नदय रोग एवं क्रिटिकल केयर डॉ अमित तिवारी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ स्वाति सिंह एवं हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ गौतम चटर्जी द्वारा सेवा दी जायेंगी तथा जिला चिकित्सालय बैतूल से मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ रोहित पराते, सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ रंजीत राठौर, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ ईशा डेनियल द्वारा सेवा दी जाएगी।
शिविर में कैंसर रोग – कीमोथैरेपी, इम्यूनोथैरेपी, रेडियोथैरेपी, मुंह का छाला, किसी भी प्रकार की गठान, कैंसर सर्जरी, यूरोलॉजी – पेशाब रुकने की समस्या (प्रोस्टेट), पथरी का इलाज, किडनी एवं डायलेसिस, हड्डी रोग-हड्डी रोग एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट, सर्जरी एवं घुटने का दर्द, कमर का दर्द, स्त्री रोग चिकित्सा- बच्चेदानी का ऑपरेशन (दूरबीन द्वारा), महावारी, सफेद पानी की समस्या, मेडिसिन विभाग- बी.पी., शुगर, हृदय होग, पेट दर्द, फेंफड़ों की समस्या, निमोनिया, पीलिया, थाइराईड, सर्जरी – पेट से संबंधित रोग एवं सर्जरी (लेप्रोस्कोपी/गैस्ट्रेक्टॉमी) पाईल्स की सर्जरी से संबंधित निःशुल्क परामर्श दिया जाएगा। शिविर में खून की जांच, एक्स-रे, ईसीजी, बीपी, शुगर, कैंसर की जांच एवं बायोप्सी तथा अन्य रोगों की जांच निःशुल्क की जाएगी। सीएमएचओ डॉ परिहार ने बताया कि शिविर में आने वाले सभी मरीज अपना आधारकार्ड एवं समग्र आईडी अनिवार्य रूप से तथा यदि आयुष्मान कार्ड हैं तो वे भी साथ लेकर अवश्य आयें। मरीज स्वयं का रजिस्टर्ड मोबाईल नंबर भी साथ लेकर आयें।
बैठक में सीएमएचओ डॉ परिहार ने निर्देशित किया कि समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी एवं शहरी कार्यक्रम प्रबंधक अपने-अपने क्षेत्र के कैंसर के चिन्हित मरीजों को शिविर में भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लंबी बीमारी से पीड़ित ऐसे पुरानी स्थिति वाले मरीज जिन्हें गांठ, सूजन या कोई अन्य तकलीफ है वे भी शिविर में आकर जांच एवं परामर्श का लाभ उठायें।
बैठक को विधायक प्रतिनिधि जिला स्वास्थ्य सेवाऐं डॉ अशोक बारंगा, सिविल सर्जन डॉ जगदीश घोरे एवं आरएमओ डॉ रानू वर्मा ने भी संबोधित किया। बैठक में जिला मीडिया अधिकारी श्रीमती श्रुति गौर तोमर, उप जिला मीडिया अधिकारी श्री महेशराम गुबरेले, संतुलन समिति से श्री मोहित गर्ग, मॉ शारदा समिति से श्री पिंकी भाटिया, श्री शैलेन्द्र बिहारिया, श्री सत्यम नागले, जिंदल हॉस्पिटल से जीएम श्री आशीष अग्निहोत्री, पीआरओ श्री बी.के. रिछारिया, लेखापाल श्री हरिओम मालवीय एवं श्री नंदकिशोर पवार सहित अन्य मौजूद रहे। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए जिंदल हॉस्पिटल के पीआरओ श्री बी.के. रिछारिया से फोन नं. 9926324525 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
क्रमांक/27/724/06/2025

 
विकसित कृषि संकल्प अभियान

किसानों को बीज उपचारमिट्टी परीक्षणप्राकृतिक खेती अपनाने किया प्रेरित

 

——

बैतूल 06 जून 2025

कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार जिले में विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया विकसित कृषि संकल्प अभियान में शुक्रवार को को प्रथम दल द्वारा विकासखंड बैतूल के ग्राम दनोरा, खेडीसावलीगढ़ एवं महदगांव पंचायत, द्वितीय दल द्वारा मुलताई विकासखण्ड के खेड़ीकोर्ट, निमनवाड़ा, ऐनखेड़ा पंचायत, तृतीय दल द्वारा शाहपुर विकासखण्ड के भौंरा, धपाड़ामाल, गुवाड़ी पंचायत चतुर्थ दल द्वारा विकासखण्ड भीमपुर के खामापुर, चकढाना, बेला पंचायत में तथा पंचम दल विकासखंड आमला के ग्राम पंचायत बोडखी, नरेरा, खाण्डपिपरिया पंचायत में कार्यकम का आयोजन किया गया। इस दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र एवं कृषि अधिकारियों द्वारा किसानों को बीज उपचार, मिट्टी परीक्षण, प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारीगण तथा संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण सहित लगभग 2396 किसान उपस्थित रहें।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों ने उपस्थित कृषकों को बताया कि प्राकृतिक खेती वह खेती होती है, जिसमें फसलों पर किसी भी प्रकार का रासायनिक कीटनाशक एवं उर्वरकों का प्रयोग नहीं किया जाता है। सिर्फ प्रकृति के दौरान निर्मित उर्वरक और अन्य पेड़ पौधों के पत्ते खाद, पशुपालन, गोबर खाद एवं जैविक कीटनाशक उपयोग लाया जाता है। यह एक प्रकार से विविध प्रकार की कृषि प्राणली है। जो फसलों और जीव-जन्तु पेड़ों को एकीकृत करके रखती हैं। प्राकृतिक खेती, कृषि की प्राचीन पद्धति है। यह भूमि के प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखती है। प्राकृतिक खेती में रासायनिक उर्वरकों तथा कीटनाशकों का प्रयोग नहीं होता है, बल्कि प्रकृति में आसानी से उपलब्ध होने वाले प्राकृतिक तत्वों, तथा जीवाणुओं के उपयोग से खेती की जाती है। यह पद्धति पर्यावरण के अनुकूल है तथा फसलों की लागत कम करने में कारगर है।

नरवाई न जलाने किसानों को किया प्रेरित

                किसानों को बताया कि प्राकृतिक खेती में जीवामृत (जीव अमृत), घन जीवामृत एवं बीजामृत का उपयोग पौधों को पोषक तत्व प्रदान करने के लिए किया जाता है। इनका उपयोग फसलों पर घोल के छिड़काव अथवा सिंचाई के पानी के साथ में किया जाता है। प्राकृतिक खेती में कीटनाशकों के रूप में नीमास्त्र, ब्रम्हास्त्र, अग्निअस्त्र, सोठास्त्र, दषपर्णी, नीम पेस्ट, गोमूत्र का इस्तेमाल किया जाता है। हम पिछले कई वर्षों से रासायनिक कीटनाशकों का प्रयोग फसलों पर करते आ रहे है। जिससे मिट्टी की उर्वरा शक्ति खत्म हो चुकी है एवं भूमि के प्राकृतिक स्वरूप में भी बदलाव हो रहे है जो किसानो के लिए काफी नुकसानदायक है। रासायनिक कीटनाशकों के प्रयोग से जल प्रदूषण, वायु प्रदूषण, मृदा प्रदूषण प्रतिदिन बढ़ रहा है। किसानों की फसल पैदावार कमाई का आधा हिस्सा रासायनिक उर्वरक और कीटनाशक खरीदने में चला जाता है। क्योकि रासायनिक कीटनाशन काफी महंगे होते है। नरवाई न जलाने, जैविक खाद एवं गोबर खाद के उपयोग से एवं फसलों के अवशेष पशुओं के चारे के रूप में उपयोग कर लागत को कम करने, साथ ही मृदा परीक्षण, बीज उपचार पर विस्तृत मार्गदर्शन कृषि वैज्ञानिकों एवं अधिकारियों के द्वारा कृषकों को प्रदान की गई।
क्रमांक/28/725/06/2025
  
 

विद्युत कटौती शेड्यूल

 

——

बैतूल 06 जून 2025
बिजली कंपनी द्वारा 8 जून को 11 केव्ही कालापाठा फीडर  जेएच कॉलेज चौक पर डीपी शिफ्टिंग का कार्य किया जाना प्रस्तावित है। जिसके चलते प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लोहिया वार्ड  चुन्नीढाना, राजेंद्र वार्ड, सिविल लाइन, संजय कॉलोनी, मुर्गी चौक, शिवाजी वार्ड, स्वीपर कॉलोनी, जेएच कॉलेज रोड आदि क्षेत्र में विद्युत सप्लाई बंद रहेगी। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड बैतूल शहर जोन- 1 प्रबंधक ने बताया कि किन्हीं अपरिहार्य कारणों से समय में परिवर्तन किया जा सकता है।

ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी 18 जून तक कर सकेंगे आवेदन

 

——

बैतूल 06 जून 2025
सीबीएसई बोर्ड माध्यम से संचालित संभागीय ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय बीटीआई नर्मदापुरम में कक्षा 11वी में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा 24 जून 2025 मंगलवार को प्रातः 11 बजे से आयोजित की जा रही है। उल्लेखनीय है कि अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा संचालित इस विद्यालय में अनुसूचित जाति के अलावा अन्य वर्ग के विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाना है। विद्यालय में निःशुल्क आवास, भोजन, खेल सुविधाएं, लाइब्रेरी सुविधा तथा गणवेश एवं पाठ्य सामग्री हेतु राशि दी जाती है।
सत्र 2025-26 में प्रवेश के लिए अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए बालक वर्ग अंतर्गत 25 तथा बालिका वर्ग 18, जनजातीय सहित अन्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए बालक एवं बालिका वर्ग में 2-2 स्थानों पर प्रवेश दिया जाना है। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी जो कक्षा 10वीं की परीक्षा में 60 प्रतिशत अंक या समतुल्य ग्रेड प्राप्त किये हों, ज्ञानोदय विद्यालय बीटीआई नर्मदापुरम, आदिवासी उत्कृष्ट बालक छात्रावास पुलिस ग्राउंड के सामने बैतूल, जिला स्तरीय उत्कृष्ट बालक छात्रावास हरदा से कोरे आवेदन पत्र प्राप्त कर इन्हीं स्थानों पर सीधे आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन डाक द्वारा भी प्राचार्य ज्ञानोदय विद्यालय बीटीआई नर्मदापुरम को प्रेषित किये जा सकते हैं, लेकिन ऐसे आवेदन 18 जून 2025 तक प्राप्त हो जाने चाहिए। इस तिथि के बाद प्राप्त आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा। चयन का आधार कक्षा 10वी में प्राप्तांकों का 50 प्रतिशत तथा चयन परीक्षा में प्राप्त अंकों का 50 प्रतिशत जोड़कर प्रत्येक वर्ग की मेरिट सूची तैयार कर मेरिट आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।

Comments are closed.