Madhya Pradesh Latest News

समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक जनजातीय ग्राम में स्थापित होंगे आदि सेवा केन्द्र,आदि कर्मयोगी अभियान : 15 नवंबर तक जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में संचालित सभी योजनाओं में शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जाएगी

By,वामन पोटे

आदि कर्मयोगी अभियान : 15 नवंबर तक जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में संचालित सभी योजनाओं में शत प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जाएगी

जनजातीय ग्रामों के विकास के लिए बनेगा विजन प्लान 2030

—-

समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक जनजातीय ग्राम में स्थापित होंगे आदि सेवा केन्द्र

—-

बैतूल 12 अगस्त 2025
       जिले के जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में सुशासन का प्रभावी सिस्टम लागू करने,इन क्षेत्रों में योजनाओं की सेचुरेशनविकास कार्यों की जन आधारित प्लानिंग और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण के लिए केन्द्र सरकार द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में सभी जिला अधिकारियों को अभियान के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में जनहितैषी योजनाओं और विकास कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आदि कर्मयोगी अभियान केन्द्र सरकार की अभिनव पहल है। सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अभियान के संबंध में जारी निर्देशोंजिसमें प्रमुख रूप से आदि कर्मयोगीआदि सहयोगी और आदि साथी के गठन की कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित कराए। साथ ही प्रत्येक ग्राम स्तर पर समस्याओं के निराकरण के लिए आदि सेवा केन्द्रों की स्थापना करें और यहां साप्ताहिक एक घंटे की जनसुनवाई का सिस्टम भी लागू किया जाए।
       मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने अभियान के लक्ष्य और कार्य योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में आदि कर्मयोगीआदि सहयोगी एवं आदि साथी का गठन किया जाना है। जिले के विभिन्न विकास संबंधी विभागों के जिलाब्लॉक एवं पंचायत स्तरीय कर्मचारी आदि कर्मयोगी होंगे। इसी प्रकार ग्रामों के स्थानीय अध्यापकचिकित्सक एवं युवा आदि सहयोगी कहलाएंगे जिनका चयन ग्रामीणों द्वारा किया जाएगा। इसी प्रकार क्षेत्रीय स्व सहायता समूह की महिलाएं जनजातीय वर्ग के बुजुर्ग एवं वालंटियर का आदि साथी के रूप में चयन किया जाएगा।
       उन्होंने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान के तहत 15 नवंबर 2025 तक जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में योजनाओं का शत प्रतिशत सेचुरेशनग्रामीण स्तरीय विजन प्लान-2030 का निर्माणयोजनाओं की जानकारी एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आदि सेवा केन्द्र की स्थापना एवं इन क्षेत्रों में एक घंटे की साप्ताहिक जनसुनवाई किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
       उन्होंने अभियान की कार्ययोजना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के क्रियान्वयन के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी सीईओ जिला पंचायत होंगे एवं समस्त सीईओ जनपद ब्लॉक स्तरीय नोडल अधिकारी रहेंगे। इसी प्रकार प्रत्येक विभाग से जिला एवं ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर का नामांकन प्रत्येक विभाग के जिला अधिकारी द्वारा किया जाएगा। सर्वप्रथम जिला मास्टर्स ट्रेनर्स को राज्य स्तर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिसके उपरांत जिला स्तरीय ट्रेनर्स ब्लॉक मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण देंगे। अभियान के तहत ऐसे गैर सरकारी संगठनों को भी सम्मिलित किया जाएगाजिन्हें जनजातीय क्षेत्रों में कार्य करने का अनुभव हो।
       उन्होंने बताया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनजातीय बाहुल्य ग्रामों को क्लस्टर में बांटा जाएगा। प्रत्येक क्लस्टर में लगभग 10 से 15 ग्राम होंगे। उन्होंने कहा कि सभी जनपद सीईओ आगामी स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं में अभियान के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दे और आदि कर्मयोगीआदि सहयोगी और आदि साथी का चयन किया जाए। जिससे चयन उपरांत ब्लॉक मास्टर ट्रेनर्स के माध्यम से सभी को प्रशिक्षण दिया जा सके।
       सीईओ जिला पंचायत श्री जैन ने बताया कि अभियान की सतत मॉनिटरिंग के लिए जिला एवं ब्लॉक स्तरीय मॉनिटरिंग सेल का गठन किया जाएगा। मॉनिटरिंग सेल के अंतर्गत संबंधित नोडल अधिकारी होंगे एवं सदस्य के रूप में मास्टर ट्रेनर व गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि होंगे। सेल द्वारा साप्ताहिक रूप से अभियान के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी।

Comments are closed.