Madhya Pradesh Latest News

घोड़े पर सवार मंत्री, रथ में भारत माता… तिरंगा यात्रा में दिखा अद्भुत नजारा

By,वामन पोटे

घोड़े पर सवार मंत्री, रथ में भारत माता… तिरंगा यात्रा में दिखा अद्भुत नजारा

चिचोली की ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा ने लिखा राष्ट्र प्रेम का नया अध्याय सड़कों पर उमड़ा देशभक्ति का सैलाब

बैतूल देशभक्ति की महक जब बारिश की बूंदों में घुल जाए, जयघोष की आवाजें जब आसमान तक पहुंच जाएं, और तिरंगे की लहराती छांव में पूरा नगर एक हो जाए… तो वह पल इतिहास बन जाता है। बुधवार 13 अगस्त को चिचोली में हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकली भाजपा नगर मंडल की भव्य तिरंगा यात्रा ने ऐसा ही इतिहास रच दिया। यह यात्रा राष्ट्र प्रेम का जीवंत चित्र था, जिसमें हर आंख चमक रही थी, हर दिल धड़क रहा था और हर कदम तिरंगे के सम्मान में बढ़ रहा था।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत भाजपा नगर मंडल के तत्वाधान में निकली विशाल और भव्य तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय ध्वज के गौरव और सम्मान को प्रकट करते हुए स्कूली बच्चों से लेकर जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के लोग तिरंगे संग भारत माता के जयघोष करते हुए यात्रा में शामिल हुए।

– जय स्तंभ चौक पर की भारत माता की आरती

तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार,  सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक देशभक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। यात्रा नगर के बाजार चौक से प्रारंभ होकर सर्राफा बाजार, दुर्गादास चौक, बस स्टैंड मुख्य मार्ग से होती हुई जय स्तंभ चौक पहुंची, जहां जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों द्वारा भारत माता की आरती कर यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान नजारा ऐसा था मानो पूरा नगर राष्ट्र प्रेम में डूब गया हो।

– घोड़े पर सवार होकर निकले केंद्रीय मंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष

घोड़े पर सवार होकर केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके और भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार ने यात्रा का नेतृत्व किया, जबकि रथ में सजी भारत माता की भव्य झांकी ने सभी का मन मोह लिया। तेज बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी। भीगते हुए बच्चे, तिरंगे लहराते बुजुर्ग, जयघोष करते युवक और तिरंगे के रंग में रंगी महिलाएं – यह दृश्य किसी महाकाव्य से कम नहीं था। तिरंगा यात्रा में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल सिंह कुशवाहा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शंकर राव चढोकार, मंडल अध्यक्ष नितेश आंवलेकर, नगर अध्यक्ष वर्षा रितेश मालवीय,  सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, सामाजिक संगठन और नगरवासी शामिल रहे। चिचोली की इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा ने यह साबित कर दिया कि जब बात देशभक्ति की हो, तो बारिश, मौसम या दूरी कुछ भी तिरंगे की राह में आड़े नहीं आ सकती।

Comments are closed.