Madhya Pradesh Latest News

जिला जनसंपर्क अधिकारी ने जारी की सरकारी समाचार

By,वामन पोटे

जिला जनसंपर्क अधिकारी ने जारी की सरकारी समाचार

1====
जल गंगा संवर्धन अभियान

माचना नदी के दईयत बाबा घाट की सफाई कर जल संरक्षण का दिया संदेश

—-

“बचाएं जल, संवारे कल” की परिकल्पना को साकार करने के लिए किया श्रमदान

—-

 बैतूल 27 अप्रैल 2025
कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी के निर्देश अनुसार जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जन अभिनय परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने बताया कि बैतूल के सभी विकासखंडों में नदी, तालाब, कुआं, 
बाबड़ी स्वच्छता के लिए जल संगोष्ठी आयोजित की जा रही हैं। इसी तारतम्य में बैतूल नगर में माचना नदी बचाओ अभियान के अंतर्गत माचना नदी के दईयत बाबा घाट पर सफाई कर स्वच्छता और नदी संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अभियान में बैतूल नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर के नेतृत्व में इस अभियान में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद बैतूल की नवांकुर संस्था, प्रत्याशा महिला एवं बाल उत्थान समिति, नगर पालिका परिषद बैतूल, बैतूल, मां शारदा सेवा समिति, हार्टफुलनेस ध्यान केंद्र बैतूल, जिला प्रशासन बैतूल के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित जन अभियान परिषद के मेंटर्स एवं जिले के अन्य स्वैच्छिक संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। 
2 =====
बस स्टैंड स्थित बड़े तालाब पर किया श्रमदान

      प्रभातपट्टन में विकासखंड समन्वयक श्रीमती राधा बरोदे के मार्गदर्शन में जन अभियान परिषद प्रभातपट्टन की टीम ने बस स्टैंड स्थित बड़े तालाब पर श्रमदान कर घाट की सफाई की।श्रमदान के दौरान तट पर फैले पत्थरों, कचरे, गाजर घास, पॉलीथिन तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर स्वच्छता कार्य किया गया। साथ ही ग्राम वासियों को जल संरक्षण तथा जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश भी दिया गया। तालाब के किनारे स्थित स्वर्गीय श्री रामजी महाजन की प्रतिमा के समीप जल संरक्षण के लिए दीवार लेखन भी किया गया और सभी उपस्थित जनों को जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।
3====
तालाब की सफाई कर लिया जल संरक्षण की शपथ

      विकासखण्ड भीमपूर के ग्राम पंचायत कुण्ड बकाजन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं नवांकुर संस्था कुण्ड बकाजन द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत तालाब की साफ-सफाई की गई। सभी उपस्थित प्रस्फुटन समिति सदस्यों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण हेतु सतत प्रयास करने और जल गंगा संवर्धन अभियान को सफल बनाने की शपथ ली।

 4=====
सफलता की कहानी

आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में बैतूल जिले में औद्योगिक विकास को मिली नई गति

 बैतूल 27 अप्रैल 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे है। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष घोषित किया गया है, जिसके अंतर्गत बैतूल जिले में भी औद्योगीकरण को तेजी से बढ़ावा दिया जा रहा है। जिले में आगामी समय में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक नवीन औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जाएगी। इस दिशा में वर्तमान में बैतूल जिले में तीन नए औद्योगिक क्षेत्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
      जिला उद्योग बैतूल महाप्रबंधक श्री रोहित डाबर ने बताया कि बैतूल विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कढ़ाई में एक जिला एक उत्पाद योजना के तहत वुडन एवं फर्नीचर क्लस्टर का निर्माण 20 हेक्टेयर भूमि पर किया जा रहा है। इस क्लस्टर में वर्ष 2025 में भूमि आवंटन कर लगभग 101 लकड़ी आधारित उद्योगों की स्थापना की जाएगी। इनमें मुख्यतः फर्नीचर, लकड़ी के खिलौने, वीनीयर्स तथा डेकोरेटिव आइटम्स जैसे उद्योग शामिल होंगे। इस वुडन क्लस्टर के माध्यम से जिले में 2000 से 3000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार प्राप्त होगा तथा लगभग 200 करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित होने की संभावना है। इसी प्रकार मुलताई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मोही में औद्योगिक क्षेत्र मोही की स्थापना की जा रही है। प्रथम चरण में 6.23 हेक्टेयर भूमि पर 34 एमएसएमई इकाइयों को विकसित किया जाएगा। इनमें खाद्य प्रसंस्करण, सीमेंट, खनिज मिनरल्स और लकड़ी आधारित उद्योग प्रमुख हैं। वर्ष 2025 में इन इकाइयों के भूमि आवंटन से लगभग 50 करोड़ रुपए का निवेश आएगा और 800 से 1000 लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा।

चोरडोंगरी में हो रहा इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिक क्लस्टर का विकास

 उन्होंने बताया कि आमला विधानसभा क्षेत्र में भारत सरकार की एमएसई-सीडीपी योजना के तहत ग्राम चोरडोंगरी में इलेक्ट्रिकल एवं मैकेनिक क्लस्टर का विकास किया जा रहा है। इसमें सेमीकंडक्टर, सोलर उपकरण, ट्रांसफार्मर निर्माण, इंजीनियरिंग व धातु आधारित उद्योगों की 71 इकाइयों को भूमि आवंटित की जाएगी। इस क्लस्टर से लगभग 100 करोड़ रुपए का निवेश आने तथा 1500 से 2000 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से न केवल जिले के औद्योगीकरण को गति मिलेगी बल्कि युवाओं के लिए व्यापक रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। इससे जिले के आर्थिक परिदृश्य में सकारात्मक परिवर्तन आएगा और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी।

Comments are closed.